Banking Awareness By Nukkad Natak : रोहतास जिले के नासरीगंज प्रखंड के अमियावर गांव में गुरुवार को कुछ अलग ही माहौल देखने को मिला, जब दी सेंट्रल कॉपरेटिव बैंक की ओर से वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. खास बात यह रही कि इस कार्यक्रम को पारंपरिक भाषण या बैठक की जगह नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों तक पहुंचाया गया, जिससे ग्रामीणों ने इसे दिलचस्प तरीके से समझा और सराहा.
इस जागरूकता अभियान का नेतृत्व नुक्कड़ नाटक मंडली के नरेंद्र कुमार ने किया. उन्होंने बताया कि बैंक की ओर से पंचायत स्तर पर लगातार इस तरह के कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को सरकारी बैंकिंग योजनाओं की सही जानकारी मिल सके. उन्होंने कहा कि कई बार जानकारी के अभाव में लोग योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते, ऐसे में इस तरह के प्रयास बेहद जरूरी हैं.
Sasaram News : गांव-गांव जाकर दी योजनाओं की जानकारी
कार्यक्रम के तहत मंडली ने अमियावर के साथ-साथ पड़ूरी, पवनी, परसियां और डिहरी गांवों का भी भ्रमण किया. हर जगह नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को बैंकिंग सेवाओं और सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया. नाटक के जरिए अटल पेंशन योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और वन टाइम सेटलमेंट जैसी योजनाओं को सरल भाषा में समझाया गया.
ग्रामीणों ने भी इस पहल को काफी सकारात्मक रूप से लिया. कई लोगों ने कहा कि इस तरह के नाटक के जरिए जटिल योजनाएं भी आसानी से समझ में आ जाती हैं. खासकर बुजुर्ग और कम पढ़े-लिखे लोगों के लिए यह तरीका काफी प्रभावी साबित हुआ.
स्थानीय लोगों की रही सक्रिय भागीदारी
इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की भी अच्छी भागीदारी रही. मौके पर बीस सूत्री सदस्य मीनू सिंह, पूर्व उपमुखिया राजू सिंह सहित बड़ी संख्या में गांव के लोग मौजूद रहे. वहीं नाटक मंडली के कलाकार बिरजू कुमार, निशा कुमारी, प्रीति कुमारी और श्याम गुप्ता ने अपने अभिनय से लोगों का ध्यान आकर्षित किया और संदेश को प्रभावी तरीके से पहुंचाया.
कार्यक्रम के दौरान लोगों को यह भी बताया गया कि बैंकिंग सेवाओं का सही उपयोग कैसे करें और किस तरह सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाया जा सकता है.
