Sasaram News : सासाराम जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा और एसपी राज शनिवार को बाल गृह का औचक निरीक्षण करने पहुंचे. अधिकारियों के अचानक पहुंचने से बाल गृह में मौजूद कर्मियों में हलचल मच गयी. डीएम ने आवासित बच्चों को मिल रही सुविधाओं और संस्थान की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया. उन्होंने बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण देखभाल को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया.
बच्चों की उपस्थिति और अभिलेखों की जांच
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बाल गृह में रह रहे बच्चों की स्थिति और उपस्थिति की जानकारी ली. बच्चों के व्यक्तिगत विवरण से संबंधित अभिलेखों के साथ बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच की. विभिन्न रजिस्टरों और दस्तावेजों के संधारण की स्थिति देखने के बाद उन्होंने सभी अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने का निर्देश दिया.
भोजन और साफ-सफाई की भी ली जानकारी
डीएम ने बाल गृह परिसर की साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता और बच्चों की आवासीय व्यवस्था का निरीक्षण किया. इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था और कर्मियों की उपस्थिति की भी जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बच्चों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए. उनकी जरूरतों पर लगातार नजर रखी जाए और व्यवस्था में किसी तरह की कमी मिलने पर तत्काल सुधार किया जाए.
बच्चों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने का निर्देश
डीएम ने कहा कि बाल गृह में रहने वाले बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. अधिकारियों और कर्मियों को बच्चों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाते हुए उनकी बेहतर देखभाल सुनिश्चित करनी होगी.
निरीक्षण के दौरान विशेष कार्य पदाधिकारी, बाल संरक्षण पदाधिकारी, जिला बाल संरक्षण इकाई के अधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे.
