सासाराम में ईद मिलादुन्नबी की तैयारी तेज, काजी-ए-शहर ने जुलूस को लेकर दी जरूरी नसीहत

सासाराम के दारुल उलूम खैरिया निजामिया ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर धार्मिक मर्यादा और अनुशासन का पालन करने की अपील की है। जानें पूरी खबर।

Rohtas News : ईद मिलादुन्नबी के जश्न को शरीयत के दायरे और धार्मिक मर्यादा में रहकर मनाने की अपील की गई है. दारुल उलूम खैरिया निजामिया, बरहदरी सासाराम के सरपरस्त व काजी-ए-शहर हजरत मौलाना मलिकुज़ज़फ़र सहसरामी, जनरल सेक्रेटरी मजलिसे उलमाए अहले सुन्नत व जमाअत बिहार की ओर से प्रेस बयान जारी कर जश्न, जुलूस और महफिल के दौरान धार्मिक मर्यादा का ध्यान रखने की नसीहत दी गई है.

नातख्वानी में भी मर्यादा का रखें ध्यान

बयान में कहा गया कि रबीउल अव्वल माह में पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहो अलैहि वसल्लम की विलादत की खुशी मनाना नेक अमल है, लेकिन इसे शरीयत की हदों में रहकर मनाना जरूरी है. नातख्वानी के दौरान ऐसे अंदाज और तौर-तरीकों से बचने की अपील की गई, जिससे महफिल की मर्यादा प्रभावित हो.

नमाज के समय का रखें विशेष ध्यान

महफिल और जुलूस के दौरान महिलाओं से बेपर्दगी, पुरुषों और महिलाओं के मिश्रित जमावड़े तथा अभद्र वेशभूषा से परहेज करने की सलाह दी गई. साथ ही नमाज के समय का विशेष ध्यान रखने को कहा गया, ताकि जुलूस या महफिल के कारण नमाज में देरी न हो.

जुलूस में डांस और आतिशबाजी से बचने की अपील

प्रेस बयान में जुलूस के दौरान डांस, आतिशबाजी, तेज आवाज में साउंड सिस्टम और नात के साथ गानों के मिश्रण जैसी गतिविधियों से बचने की सलाह दी गई है. आयोजकों से यह भी अपील की गई कि जुलूस या महफिल के कारण आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो.

गरीबों और जरूरतमंदों की मदद को बताया बेहतर तरीका

बयान में कहा गया कि पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहो अलैहि वसल्लम से सच्ची मुहब्बत का बेहतर इजहार गरीबों, विधवाओं और जरूरतमंदों की मदद करने से होता है. लोगों से जरूरतमंदों की सहायता करने की अपील की गई. कहा गया कि जश्न केवल दिखावे तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि सीरत पर अमल, अदब और अच्छे आचरण को जीवन में उतारने का माध्यम बनना चाहिए.

26 अगस्त को मनाया जाएगा ईद मिलादुन्नबी

दारुल उलूम की ओर से लोगों से ईद मिलादुन्नबी के आयोजन में धार्मिक मर्यादा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का ध्यान रखने की अपील की गई. इससे जश्न की मूल भावना कायम रहने के साथ समाज में आपसी सौहार्द का वातावरण भी बना रहेगा.

गौरतलब है कि आगामी 26 अगस्त को जश्ने ईद मिलादुन्नबी मनाया जाएगा. इसे लेकर सासाराम शहर समेत जिले भर में तैयारियां चल रही हैं. गली, चौक और चौराहों को सजाया जा रहा है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >