रोहतास में नर्सिंग छात्रों के प्रदर्शन के बीच 9 दिन बंद रहेंगी कक्षाएं, कॉलेज ने भवन मरम्मत को बताया कारण

शिवसागर के शेरशाह मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग छात्रों के प्रदर्शन के बाद कॉलेज प्रबंधन ने मरम्मत का हवाला देते हुए पठन-पाठन स्थगित करने का नोटिस जारी किया है।

Rohtas News : रोहतास जिला के शिवसागर थाना क्षेत्र के घटिकन स्थित शेरशाह मेडिकल रिसर्च एंड ट्रेनिंग संस्थान में नर्सिंग विद्यार्थियों के प्रदर्शन के बीच कॉलेज प्रबंधन ने पठन-पाठन स्थगित करने का नोटिस जारी किया है. 20 अगस्त को जारी सूचना के अनुसार कॉलेज भवन में मरम्मत कार्य कराया जाना है. इसके चलते 21 अगस्त से 29 अगस्त तक संस्थान में पठन-पाठन का कार्य स्थगित रहेगा.

कम अंक और फीस को लेकर छात्रों ने किया था प्रदर्शन

गौरतलब है कि 20 अगस्त को संस्थान के नर्सिंग विद्यार्थियों ने आंतरिक परीक्षा में कम अंक दिए जाने और अधिक फीस लिए जाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया था. छात्र-छात्राओं ने संस्थान परिसर में नारेबाजी कर अपनी नाराजगी जताई थी. विद्यार्थियों ने आंतरिक परीक्षा के अंकों की समीक्षा कराने और फीस से जुड़ी शिकायतों का समाधान करने की मांग की थी.

प्रदर्शन के बीच जारी हुआ कक्षाएं बंद करने का नोटिस

विद्यार्थियों के प्रदर्शन के दौरान ही संस्थान की ओर से पठन-पाठन स्थगित करने संबंधी सूचना जारी की गई. हालांकि, नोटिस में कक्षाएं बंद रखने की वजह कॉलेज भवन में मरम्मत कार्य बताया गया है. नोटिस में विद्यार्थियों के प्रदर्शन या उनकी ओर से उठाई गई शिकायतों का कोई उल्लेख नहीं किया गया है.

कम अंक आने पर सचिव ने जताया था खेद

मामले में शेरशाह मेडिकल कॉलेज के सचिव मनी लाल सिंह ने कहा था कि पूरे काउंसिल के परिणाम में छात्रों के अंक काफी कम आए हैं. इसे लेकर संस्थान को भी खेद है. उन्होंने उम्मीद जताई थी कि अगले स्तर की परीक्षा में शिक्षक और विद्यार्थियों के सहयोग से बेहतर परिणाम आएगा.

अधिक फीस लेने के आरोप से सचिव ने किया इनकार

वहीं, अधिक फीस वसूली के आरोप को सचिव ने गलत बताया था. उनका कहना था कि विद्यार्थियों से जमा कराई जाने वाली राशि की रसीद दी जाती है. यदि किसी छात्र से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लिए जाने की शिकायत मिलती है, तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

29 अगस्त तक बंद रहेंगी कक्षाएं

इधर, प्रदर्शन वाले दिन जारी नोटिस के अनुसार 21 से 29 अगस्त तक पठन-पाठन बंद रहने की सूचना से विद्यार्थियों के बीच चर्चा का माहौल है. कॉलेज प्रबंधन ने नोटिस में स्पष्ट रूप से भवन मरम्मत को ही कक्षाएं स्थगित करने का कारण बताया है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >