Rohtas News : रोहतास के चेनारी-कुदरा स्टेट हाईवे पर शनिवार को एक बार फिर भीषण जाम लग गया. सड़क किनारे अतिक्रमण और बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई. जाम में एंबुलेंस, स्कूली बच्चों को ले जा रहे वाहन और गुप्ता धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहन भी फंस गए. घंटों जाम में फंसे मरीजों, बच्चों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
सड़क किनारे अतिक्रमण से लगातार बिगड़ रही व्यवस्था
स्थानीय लोगों के अनुसार चेनारी बाजार से गुजरने वाले स्टेट हाईवे पर अतिक्रमण लगातार गंभीर समस्या बनता जा रहा है. सड़क किनारे सब्जी की दुकानें लगी हैं, जबकि इनके आगे ठेले वालों ने कब्जा जमा रखा है. इसके बाद ऑटो और ई-रिक्शा चालक सड़क पर ही वाहन खड़ा कर यात्रियों को बैठाने और उतारने लगते हैं. इससे सड़क की उपलब्ध चौड़ाई काफी कम हो जाती है.
गुप्ता धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ से बढ़ा दबाव
शनिवार को गुप्ता धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के कारण वाहनों का दबाव भी अधिक रहा. देखते ही देखते चेनारी बाजार में वाहनों की लंबी कतार लग गयी. जाम से निकलने के लिए कई वाहन चालक वैकल्पिक रास्ते तलाशते नजर आए. एंबुलेंस के फंसने से लोगों में चिंता का माहौल रहा, जबकि स्कूली वाहनों में बैठे बच्चे भी जाम खुलने का इंतजार करते रहे.
'आम लोग घंटों फंसते हैं, अधिकारी जल्दी निकल जाते हैं'
स्थानीय सोनू यादव, धर्मेंद्र रजक, रामानुज मिश्रा, अजीत कुमार और रमन कुमार गुप्ता समेत अन्य लोगों ने व्यवस्था पर सवाल उठाया. उनका आरोप है कि आम लोग घंटों जाम में फंसे रहते हैं, जबकि किसी अधिकारी के फंसने पर सायरन और पुलिसकर्मियों की मदद से रास्ता साफ करा दिया जाता है. लोगों ने कहा कि आम जनता के लिए भी प्रभावी यातायात व्यवस्था होनी चाहिए.
स्थायी समाधान की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को केवल जाम लगने के बाद रास्ता खुलवाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए. अतिक्रमण हटाकर और ऑटो-ई-रिक्शा के लिए निर्धारित स्थान तय कर स्थायी समाधान की दिशा में कार्रवाई जरूरी है. लोगों ने सवाल उठाया कि जब एंबुलेंस और स्कूली वाहन तक जाम में फंस रहे हैं, तो प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों कर रहा है.
अतिक्रमण चिह्नित कर होगी कार्रवाई : ईओ
नगर पंचायत के ईओ अभिषेक भारती ने कहा कि यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमण को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी. सड़क किनारे दुकान और ठेला लगाने वालों को व्यवस्थित करने के लिए संबंधित विभाग के साथ समन्वय किया जाएगा, ताकि मुख्य सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो.
सरकारी जमीन से हटेगा अतिक्रमण : सीओ
अंचलाधिकारी पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि सड़क की जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर स्थल निरीक्षण कराया जाएगा. सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को नियमानुसार हटाने की कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा कि यातायात सुचारु रखना प्रशासन की प्राथमिकता है.
बेतरतीब वाहन खड़ा करने वालों पर होगी कार्रवाई
थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने कहा कि जाम की स्थिति में पुलिस बल को मौके पर लगाया जाता है. सड़क पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा करने और यातायात बाधित करने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि गुप्ता धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जा रही है.
