Sasaram News : बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने सरकारी विद्यालयों के संचालन समय में बड़ा बदलाव करते हुए नया आदेश जारी किया है. 6 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार अब राज्य के सभी सरकारी विद्यालय सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 9:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक संचालित होंगे. वहीं शनिवार को विद्यालय हाफ डे रहेंगे और सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक ही खुलेंगे. इस नई व्यवस्था का असर रोहतास जिले के चेनारी प्रखंड के सभी प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों पर भी पड़ेगा.
शनिवार को कक्षाएं और मिड डे मील का नया शेड्यूल
शिक्षा विभाग के निर्देश के अनुसार कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई और अन्य निर्धारित गतिविधियां शनिवार को दोपहर 12:00 बजे तक संचालित होंगी. इसके बाद 12:00 बजे से 12:40 बजे तक मध्याह्न भोजन कराया जाएगा और भोजन के बाद बच्चों की छुट्टी कर दी जाएगी. वहीं माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शनिवार को दोपहर 1:00 बजे तक नियमित पठन-पाठन और अन्य शैक्षणिक गतिविधियां जारी रहेंगी.
शिक्षकों की जिम्मेदारियां भी हुईं तय
नए आदेश में शिक्षकों के लिए भी नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं. प्रतिदिन एक घंटे का समय अगले दिन और आगामी सप्ताह की पाठ योजना तैयार करने, कॉपियों की जांच, मूल्यांकन कार्य, शिक्षक डायरी अपडेट करने, प्रयोगशाला प्रबंधन और आवश्यकतानुसार रिमेडियल कक्षाएं संचालित करने के लिए निर्धारित किया गया है. इन कार्यों के पूरा होने के बाद ही शिक्षक विद्यालय से प्रस्थान करेंगे.
चेनारी के स्कूलों में भी लागू होगी नई व्यवस्था
चेनारी प्रखंड शिक्षा कार्यालय ने बताया कि विभागीय आदेश प्राप्त होने के बाद सभी सरकारी विद्यालयों को नई समय-सारणी का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया जाएगा. शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह संशोधित व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी, जबकि पूर्व के अन्य निर्देश और शर्तें यथावत प्रभावी रहेंगी.
