Bihar News:(डॉ प्रमोद कुमार श्रीवास्तव) रोहतास जिले के सासाराम शहर के पुरानी जीटी रोड स्थित प्रकाश पेट्रोल पंप के आगे सत्यम पैलेस के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई जब ट्रांसफार्मर के पास पड़े कूड़े में अचानक आग लग गई.
स्थानीय लोगों के अनुसार, कूड़े में लगी आग की लपटें तेजी से बढ़ती चली गईं और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया.आग से उठता घना धुआं पूरे इलाके में फैल गया, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया.
ट्रांसफार्मर के पास आग से बढ़ी चिंता
आग लगने का स्थान ट्रांसफार्मर के बेहद करीब होने के कारण स्थिति और भी गंभीर हो गई. स्थानीय लोगों को बिजली आपूर्ति और बड़े हादसे की आशंका सताने लगी।.लोग तुरंत मौके पर जुट गए और आग को नियंत्रित करने का प्रयास करने लगे.
पास खड़ी बस भी आई आग की चपेट में
इसी दौरान कुछ ही दूरी पर खड़ी एक बस में भी आग लगने की सूचना सामने आई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और स्थिति अफरा-तफरी में बदल गई.
प्रशासन और दमकल विभाग सक्रिय
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग और प्रशासन को सूचना दी. दमकल की टीम मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गई. हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है. प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो यह बड़ा हादसा हो सकता था. फिलहाल आग पर नियंत्रण की कोशिश जारी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
Also Read: राजनीतिक विवाद में चली गोली, युवक घायल; पुलिस ने 9 को किया गिरफ्तार
