Rohtas News : रोहतास जिले के करवंदियां थाना में तैनात बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसएपी) के एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जवान ने अपने सरकारी शस्त्र से स्वयं को गोली मारी. घटना के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी.
झारखंड के रांची के रहने वाले थे जवान मृतक की पहचान झारखंड के रांची निवासी 46 वर्षीय किशोर राणा के रूप में हुई है. वह करवंदियां थाना में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के जवान के रूप में तैनात थे. घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. संजय कुमार सिंह ने बताया कि करवंदियां थाना पुलिस द्वारा जवान का शव पोस्टमार्टम के लिए लाया गया था. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर परिजनों को सौंपा जाएगा.
आत्महत्या के कारणों की जांच जारी पुलिस के अनुसार प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन इसके पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है. घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है.
