रोहतास: कोचस ATM चोरीकांड में 36 दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ, 32.68 लाख रुपये लूटने वाले अपराधी फरार

रोहतास जिले में 36 दिन पहले कोचस थाना क्षेत्र के एक्सिस बैंक एटीएम से 32.68 लाख रुपये की चोरी मामले में पुलिस अभी तक खाली हाथ है. लाखों की लूट के बाद अपराधियों की गिरफ्तारी न होने से लोगों में नाराजगी है.

Rohtas News : रोहतास जिला के कोचस थाना क्षेत्र के नगर पंचायत स्थित बस पड़ाव के सामने ओवरब्रिज के नीचे एक्सिस बैंक एटीएम से 32.68 लाख रुपये चोरी मामले में घटना के 36 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं. एटीएम काटकर लाखों रुपये उड़ाने वाले अपराधी अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं. इसको लेकर पुलिस की कार्रवाई और कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं.

शीघ्र खुलासे का दावा हुआ बेअसर

घटना के बाद मौके पर पहुंचे वरीय पुलिस अधिकारियों ने जल्द ही मामले का खुलासा करने और अपराधियों को गिरफ्तार करने का दावा किया था. लेकिन एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी चोरीकांड का उद्भेदन नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है.

स्थानीय दुकानदारों ने उठाए सवाल

एटीएम के आसपास के दुकानदारों का कहना है कि घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया था. लेकिन अभी तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

पुलिस का दावा- अपराधियों की पहचान हुई

सदर एसडीपीओ टू संजीव कुमार ने बताया कि एटीएम चोरी मामले में शामिल अपराधियों की पहचान कर ली गई है. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है.

आठ मिनट में गैस कटर से काटकर उड़ाए थे 32.68 लाख रुपये

गौरतलब है कि 14 जून की सुबह बोलेरो सवार पांच नकाबपोश अपराधियों ने बस पड़ाव के पास स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम को गैस कटर से काट दिया था. अपराधियों ने महज आठ मिनट के अंदर एटीएम से 32.68 लाख रुपये निकाल लिए थे और फरार हो गए थे.

बोलेरो बरामद, लेकिन अपराधी अब भी फरार

घटना के कुछ घंटे बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात में इस्तेमाल सफेद रंग की बोलेरो को कैमूर जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र से लावारिस हालत में बरामद किया था. हालांकि वाहन मिलने के बाद भी मुख्य अपराधियों तक पुलिस नहीं पहुंच सकी है.

स्कॉर्पियो चोरी मामले में भी नहीं मिली सफलता

स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले 11 मई को थाना से महज दो सौ मीटर की दूरी से स्कॉर्पियो वाहन चोरी हुई थी. इस मामले में भी पुलिस को अब तक कोई बड़ी सफलता नहीं मिली है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ramesh Kumar

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >