रोहतास:16वें वित्त आयोग से नोखा में विकास को मिलेगी रफ्तार, पंचायत समिति ने योजनाओं पर लगाई मुहर

नोखा प्रखंड मुख्यालय में पंचायत समिति की बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 16वें वित्त आयोग से विकास योजनाओं को मंजूरी दी गई. बुनियादी सुविधाओं, सड़क, नाली, पेयजल और स्वच्छता को प्राथमिकता दी जाएगी.

Rohtas 16th Finance Commission: नोखा प्रखंड मुख्यालय स्थित सभा कक्ष में मंगलवार को प्रखंड प्रमुख अरविंद कुमार की अध्यक्षता में पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 16वें वित्त आयोग की राशि से कराये जाने वाले विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की गयी. विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श के बाद योजनाओं को मंजूरी दी गयी.

बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता

बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया. सड़क निर्माण एवं मरम्मत, नाली निर्माण, पेयजल व्यवस्था और स्वच्छता से संबंधित योजनाओं पर चर्चा हुई. पंचायत समिति सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की जरूरतों और समस्याओं से जुड़े प्रस्ताव भी बैठक में रखे. सदस्यों ने कहा कि जिन क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी है, वहां प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं का चयन किया जाना चाहिए.

पारदर्शिता और गुणवत्ता पर जोर

प्रखंड विकास पदाधिकारी शेफाली ने कहा कि 16वें वित्त आयोग की राशि का उपयोग क्षेत्र की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किया जाएगा. योजनाओं के चयन और क्रियान्वयन में पारदर्शिता के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा. उन्होंने अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों से विकास योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने में सहयोग करने की अपील की.

बीपीआरओ सुनील कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित योजनाओं पर पंचायत समिति सदस्यों के साथ विस्तार से चर्चा की गयी. स्वीकृत योजनाओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत धरातल पर उतारा जाएगा. उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और समयबद्धता को प्राथमिकता दी जाएगी.

जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

बैठक में क्षेत्र में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गयी. अधिकारियों से योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली गयी और लंबित कार्यों को तेजी से पूरा कराने पर जोर दिया गया. पंचायत प्रतिनिधियों से भी योजनाओं की निगरानी में सहयोग करने को कहा गया, ताकि विकास कार्यों का लाभ ग्रामीणों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके.

बैठक में उप प्रमुख पुष्पा देवी, प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष सह हथिनी पंचायत मुखिया दया नंद सिंह, कुरी मुखिया चितरंजन तिवारी, पंचायत मुखिया दीना नाथ राय सहित पंचायत समिति सदस्य, प्रखंड के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के कर्मी मौजूद रहे.

Also Read: तेज प्रताप का आरोप- मोतीलाल राय फिर कर रहा पैसे और सामान की डिमांड, पूर्व PA का नंबर शेयर कर लोगों को किया अलर्ट


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >