सारण: सीपीएस में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित, छात्रों को नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश

सारण के सीपीएस विद्यालय में 9वीं से 12वीं तक के 500 छात्रों ने 'युवा संवाद' कार्यक्रम में भाग लिया. इसका उद्देश्य युवाओं में सकारात्मक सोच, नेतृत्व और राष्ट्रप्रेम विकसित करना था. कार्यक्रम में वक्ताओं ने छात्रों को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया.

Saran News: सीपीएस विद्यालय में मंगलवार को ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के लगभग 500 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में सकारात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था.

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया. इस अवसर पर सीपीएस ग्रुप के चेयरमैन डॉ. हरेंद्र सिंह एवं विद्यालय के प्राचार्य मुरारी सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया.

युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए किया प्रेरित

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर बिहार के प्रांत सहप्रचारक प्रवीर, नगर सह संघचालक रविंद्र सिंह, जिला प्रचारक महेश, जिला कार्यवाह संजीव, नगर सह कार्यवाह प्रवीण तथा नगर जिला सेवा प्रमुख सत्य प्रकाश उपस्थित रहे.

वक्ताओं ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि आज का युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति है. उन्होंने छात्रों को व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, चरित्र निर्माण, सामाजिक समरसता, परिवार के प्रति दायित्व और राष्ट्रहित को जीवन का सर्वोच्च लक्ष्य बनाने के लिए प्रेरित किया.

विद्यार्थियों ने पूछे सवाल

संवाद कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका अतिथियों ने सरल और प्रेरणादायक ढंग से उत्तर दिया.

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के संवाद कार्यक्रम छात्रों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अनुशासन और उत्साह के साथ सहभागिता निभाई.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Vivek Ranjan

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >