Saran News: सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र में पूर्व से चले आ रहे एक जमीनी विवाद को लेकर कुछ लोगों ने एक महिला को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल महिला का प्राथमिक उपचार तरैया रेफरल अस्पताल में कराया गया है. पीड़िता ने इस हिंसक घटना को लेकर स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
सोते समय पानी फेंककर किया हमला, घर में भी की तोड़फोड़
पीड़ित महिला की पहचान तरैया थाना क्षेत्र निवासी अखिलेश सिंह की पत्नी भागमनी देवी के रूप में की गई है. थाने में दी गई शिकायत के अनुसार, भागमनी देवी सुबह के समय अपने दरवाजे पर खटिया पर सोई हुई थीं. इसी दौरान नामजद आरोपियों ने पहले उनके ऊपर पानी फेंका और फिर लाठी-डंडों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया और जबरन घर में घुसकर कीमती सामानों के साथ तोड़फोड़ भी की.
चार लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
इस मामले में घायल महिला भागमनी देवी ने गांव के ही चार लोगों को नामजद आरोपी बनाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है. तरैया थाना पुलिस ने पीड़िता के आवेदन के आलोक में मामला दर्ज कर लिया है और घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: JPU PG Admission 23 जुलाई तक जारी होगी मेधा सूची, 5 हजार सीटों पर होगा नामांकन
