Saran News: भगवान बाजार थाना क्षेत्र शुक्रवार को एक सनसनीखेज घटना से दहल उठा. शेखटोली फिदर बाजार मुहल्ले में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गयी. मृतक की पहचान शेखटोली निवासी स्वर्गीय मनीर के 32 वर्षीय पुत्र वकार युनुस उर्फ सोनू के रूप में हुई है.
वकार युनुस छपरा के गुदरी बाजार में ठेला पर फल बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
प्रेम विवाह के बाद किराये के मकान में रहता था परिवार
बताया जाता है कि वकार युनुस ने कुछ वर्ष पहले मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महाराजगंज निवासी जमीला खातून से प्रेम विवाह किया था. शादी के बाद पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगा. इसके बाद वकार अपने पैतृक मकान से अलग होकर शेखटोली मोहल्ले में किराये का कमरा लेकर पत्नी और पांच बच्चों के साथ रहने लगा था. उसके पांच बच्चों में एक बेटा और चार बेटियां हैं.
विवाद के बाद युवक गंभीर रूप से घायल
स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार को किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हुआ. इसी दौरान वकार युनुस गंभीर रूप से घायल हो गया. घर से चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे.
पड़ोसियों ने आनन-फानन में घायल वकार को इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही भगवान बाजार थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी जमीला खातून को हिरासत में लिया है.
हालांकि, पुलिस पूछताछ में जमीला खातून ने अपने ऊपर लगे आरोप से इनकार किया है. उसका दावा है कि विवाद के दौरान उसके पति ने खुद को ही चाकू मारा था. पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं को खंगाल रही है.
मृतक की तीसरी शादी थी, दांपत्य जीवन में होता था विवाद
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, वकार युनुस की यह तीसरी शादी थी. पहली पत्नी से तलाक के बाद उसने दूसरी शादी की थी, लेकिन प्रसव के दौरान उसकी दूसरी पत्नी की मौत हो गयी थी. इसके बाद उसने तलाकशुदा महिला जमीला खातून से तीसरी शादी की.
बताया जाता है कि तीसरी शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच किसी न किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट होती रहती थी. इसी वजह से वकार अपने परिवार से अलग होकर किराये के मकान में रहने लगा था.
पत्नी ने लगाया शराब के नशे में झगड़ा करने का आरोप
पुलिस हिरासत में जमीला खातून ने आरोप लगाया कि उसका पति अक्सर शराब के नशे में घर आता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था. उसके अनुसार, शुक्रवार को भी इसी कारण दोनों के बीच झगड़ा हुआ था.
महिला का दावा है कि विवाद के दौरान वकार ने खुद को चाकू मार लिया. घटना के समय घर में कोई दूसरा व्यक्ति मौजूद नहीं था. फिलहाल पुलिस महिला के बयान समेत सभी बिंदुओं की जांच कर रही है.
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल की जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी. घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम का माहौल है.
Also Read: बिहार में 6000 करोड़ की लागत से लगेगा स्टील प्लांट, रोजगार और इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट को बढ़ावा
