Saran News : शहर की पहचान मानी जाने वाली प्रमुख वीआईपी सड़कें भी इस बार मानसून की बारिश में जलजमाव और गंदगी की समस्या से जूझ रही हैं. डाकबंगला रोड, कचहरी स्टेशन रोड, समाहरणालय रोड और श्रीनंदन पथ जैसे महत्वपूर्ण मार्गों पर कई स्थानों पर पानी जमा होने से लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है. इन सड़कों पर अधिकारियों के आवास, सरकारी कार्यालय, स्कूल-कॉलेज और प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठान होने के बावजूद जलनिकासी व्यवस्था सवालों के घेरे में है.
कचहरी स्टेशन रोड पर आठ स्थानों पर नाले जाम
करीब छह वर्ष पहले अतिक्रमण हटाकर दो लेन में विकसित की गई कचहरी स्टेशन रोड पर वर्तमान में करीब आठ स्थानों पर नाले जाम हैं. कई जगह लोगों द्वारा नालों के सामने मिट्टी भर देने से बारिश का पानी नहीं निकल पा रहा है. परिणामस्वरूप सड़क की एक लेन में 10 से 12 फीट तक पानी जमा हो रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित रूप से नालों की उड़ाही नहीं होने से समस्या लगातार बढ़ रही है.
डाकबंगला रोड पर भी जलभराव से परेशानी
डाकबंगला रोड पर प्रमुख अधिकारियों के आवास, सर्किट हाउस, राजेंद्र स्टेडियम, शिशु पार्क तथा कई शिक्षण संस्थान स्थित हैं. इसके बावजूद बारिश के दौरान सड़क किनारे कई स्थानों पर पानी जमा हो जाता है. पुराने नालों के जर्जर होने और नए नालों का निर्माण अधूरा रहने से अधिक बारिश होने पर यह इलाका दो से तीन दिनों तक जलमग्न रहता है.
श्रीनंदन पथ और नगरपालिका चौक पर भी समस्या
श्रीनंदन पथ में दो स्थानों पर जलजमाव और तीन जगहों पर कचरे का अंबार लगा हुआ है. वहीं नगरपालिका चौक के समीप खनुआ के अर्धनिर्मित नाले के पास भी बारिश का पानी जमा हो रहा है, जिससे राहगीरों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है.
नगर निगम ने शुरू की तैयारी
नगर निगम ने बरसात से पहले कुछ क्षेत्रों में नालों की सफाई कराई थी, लेकिन हाल की बारिश के बाद कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति सामने आई है. जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने नगर निगम अधिकारियों को नालों की सफाई तेज करने और जलभराव वाले स्थलों को चिन्हित कर त्वरित जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.
मेयर लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने बताया कि नगर निगम की टीम लगातार समस्या वाले क्षेत्रों में काम कर रही है. छोटे नालों को बड़े नालों से जोड़ने का कार्य भी कराया जा रहा है, ताकि बरसात के दौरान जलनिकासी व्यवस्था बेहतर हो सके.
