Jaiprakash University: जयप्रकाश विश्वविद्यालय के सभी अंगीभूत और संबद्ध कॉलेजों में स्नातक सत्र 2026-30 की कक्षाएं निर्धारित शेड्यूल के अनुसार संचालित हो रही हैं. वहीं, पीजी सत्र 2026-28 के तहत पहली मेधा सूची में जिन छात्र-छात्राओं का दाखिला हो चुका है, उनकी कक्षाएं भी शुरू हो गयी हैं. विभाग स्तर पर वर्ग संचालन का शेड्यूल प्रकाशित किया जा चुका है और छात्रों को नियमित रूप से क्लास करने का निर्देश दिया गया है.
अब विश्वविद्यालय स्तर पर भी कक्षाओं के संचालन और छात्रों की उपस्थिति की मॉनिटरिंग की जायेगी. इस संबंध में कुलपति प्रो. परमेंद्र कुमार बाजपेई ने सभी प्राचार्यों को गाइडलाइन जारी की है.
रोजाना ली जायेगी कक्षाओं में उपस्थिति की जानकारी
विश्वविद्यालय की एक टीम सभी कॉलेजों से प्रतिदिन कक्षाओं में छात्रों की उपस्थिति की जानकारी लेगी. जिन कॉलेजों में छात्रों की उपस्थिति कम पायी जायेगी, वहां विद्यार्थियों को नियमित रूप से क्लास करने के लिए निर्देशित किया जायेगा. सभी विभागाध्यक्षों को भी इस संबंध में सूचित किया गया है.
विभाग स्तर पर बनाये गये व्हाट्सएप ग्रुप में प्रतिदिन वर्ग संचालन का शेड्यूल अपडेट करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही लगातार अनुपस्थित रहने वाले छात्र-छात्राओं से फोन पर संपर्क करने और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से भी सूचना देने को कहा गया है.
विश्वविद्यालय की ओर से सभी छात्र-छात्राओं से अपील की गयी है कि वे प्रतिदिन निर्धारित शेड्यूल के अनुसार कक्षाओं में उपस्थित रहें.
कई कॉलेजों में 10 फीसदी भी नहीं पहुंची उपस्थिति
विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित कई अंगीभूत कॉलेजों में स्नातक और पीजी की कक्षाओं में 10 फीसदी छात्र-छात्राएं भी नियमित रूप से उपस्थित नहीं हो रहे हैं. अधिकतर कॉलेजों में नामांकन की तुलना में छात्रों की उपस्थिति काफी कम है.
शहर के राजेंद्र कॉलेज, राम जयपाल कॉलेज और जगदम कॉलेज समेत अन्य कॉलेजों में पीजी की पढ़ाई होती है. इन कॉलेजों में कक्षाओं में छात्रों की संख्या फिलहाल काफी कम है. हालांकि, पीजी में अभी दूसरी मेधा सूची के आधार पर दाखिला होना बाकी है. ऐसे में दूसरे चरण की नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद कक्षाओं में छात्रों की उपस्थिति बढ़ने की उम्मीद है.
स्नातक में नामांकन प्रक्रिया पूरी, फिर भी कम उपस्थिति
स्नातक सत्र 2026-30 के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. पहले, दूसरे और तीसरे चरण के बाद स्पॉट एडमिशन भी लिया गया. इसके बावजूद स्नातक की कक्षाओं में छात्रों की उपस्थिति काफी कम बतायी जा रही है.
शहर के राजेंद्र कॉलेज में स्नातक के वर्तमान सत्र में करीब 1500 छात्र-छात्राओं का नामांकन हुआ है. इनमें अलग-अलग विभागों में करीब 150 छात्र-छात्राएं ही नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित हो रहे हैं.
जयप्रकाश महिला कॉलेज में स्थिति बेहतर
वहीं, शहर के जयप्रकाश महिला कॉलेज में कुल नामांकन की तुलना में छात्राओं की उपस्थिति करीब 60 से 70 फीसदी बतायी जा रही है. विश्वविद्यालय स्तर पर कक्षाओं की नियमित मॉनिटरिंग शुरू होने के बाद अन्य कॉलेजों में भी छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने पर जोर दिया जायेगा.
इसे भी पढ़ें: ‘झंडू कुमार’ को कभी नाम पर मिले ताने, मेडल जीते तो हुआ भव्य स्वागत, पीएम मोदी की भी मिली बधाई
