JPU UG First Semester Practical Exam : जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) के स्नातक फर्स्ट सेमेस्टर (सत्र 2024-28) के विद्यार्थियों की प्रायोगिक परीक्षा 7 अगस्त से शुरू हो रही है. परीक्षा 14 अगस्त तक चलेगी और इसके लिए सारण, सीवान तथा गोपालगंज में कुल 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. विश्वविद्यालय ने परीक्षा कार्यक्रम जारी करते हुए कॉलेजों को समय पर परीक्षा और अंक अपलोड करने के निर्देश दिए हैं.
कल से शुरू होगी प्रायोगिक परीक्षा
जयप्रकाश विश्वविद्यालय के स्नातक फर्स्ट सेमेस्टर (सत्र 2024-28) की प्रायोगिक परीक्षा शुक्रवार से शुरू होगी. विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग ने सभी परीक्षा केंद्रों पर कार्यक्रम जारी कर दिया है. परीक्षा 7 अगस्त से 14 अगस्त तक आयोजित की जाएगी.
तीन जिलों में बनाए गए 14 परीक्षा केंद्र
विश्वविद्यालय ने प्रायोगिक परीक्षा के लिए कुल 14 केंद्र निर्धारित किए हैं. इनमें सारण जिले में आठ, सीवान में चार और गोपालगंज में दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. संबंधित कॉलेजों को टैगिंग की जानकारी नोटिस बोर्ड और विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है.
मेजर, माइनर और एमडीसी कोर्स का शेड्यूल
परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशोक कुमार मिश्र द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार 10 अगस्त तक मेजर कोर्स की प्रायोगिक परीक्षा होगी. वहीं 11 से 14 अगस्त के बीच माइनर और एमडीसी कोर्स की प्रायोगिक परीक्षाएं पूरी कराई जाएंगी. सभी कॉलेजों को 17 अगस्त तक परीक्षा विभाग में मार्क्स फाइल जमा करने का निर्देश दिया गया है.
बाह्य परीक्षक की नियुक्ति के निर्देश
विश्वविद्यालय ने निर्देश दिया है कि प्रायोगिक परीक्षा के लिए आंतरिक और बाह्य परीक्षकों की नियुक्ति निकटवर्ती महाविद्यालयों के प्राध्यापकों के समन्वय से की जाए. कॉलेजों के विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप में भी परीक्षा कार्यक्रम साझा किया गया है, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
सितंबर के पहले सप्ताह में आएगा रिजल्ट
विश्वविद्यालय के अनुसार स्नातक प्रथम सेमेस्टर की सैद्धांतिक परीक्षा 5 अगस्त को समाप्त हो चुकी है. प्रायोगिक परीक्षा पूरी होने के बाद अगस्त के अंतिम सप्ताह तक परिणाम तैयार कर लिया जाएगा. सितंबर के पहले सप्ताह में विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर परिणाम जारी करने की तैयारी है. इसके बाद स्नातक फोर्थ सेमेस्टर की कक्षाएं भी शुरू कर दी जाएंगी.
किन केंद्रों पर होगी परीक्षा
सारण जिले में राजेंद्र कॉलेज, जगदम कॉलेज, गंगा सिंह कॉलेज, राम जयपाल कॉलेज, जगलाल चौधरी कॉलेज, एचआर कॉलेज अमनौर, वाईएन कॉलेज दिघवारा और जयप्रकाश महिला कॉलेज परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. सीवान में डीएवी कॉलेज, राजा सिंह कॉलेज, नारायण कॉलेज गोरियाकोठी और जेडए इस्लामिया कॉलेज केंद्र होंगे. गोपालगंज में कमला राय कॉलेज और गोपेश्वर कॉलेज हथुआ में प्रायोगिक परीक्षा आयोजित होगी.
Also Read : कभी उत्तर बिहार की शान थी छपरा की कपड़ा मंडी, अब 20 साल से बंद पड़ी है कमिटी, जानिए वजह
