JP University UG Admission 2026 : जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) के स्नातक सत्र 2026-30 में पहली मेरिट लिस्ट के आधार पर नामांकन की प्रक्रिया सोमवार, 6 जुलाई को समाप्त हो जाएगी. विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि पहली सूची में चयनित छात्र-छात्राओं के लिए नामांकन का यह अंतिम अवसर है. इसके बाद पहली मेरिट लिस्ट के आधार पर किसी भी छात्र का दाखिला नहीं लिया जाएगा.
अब तक 16 हजार से अधिक ने कराया नामांकन
विश्वविद्यालय के अनुसार पहली मेरिट लिस्ट में शामिल करीब 23 हजार छात्र-छात्राओं में से अब तक 16 हजार से अधिक ने विभिन्न कॉलेजों में नामांकन करा लिया है. अंतिम दिन दो हजार से अधिक और नामांकन होने की संभावना जताई जा रही है.
छात्र कल्याण विभाग के अध्यक्ष डॉ. राणा विक्रम सिंह ने बताया कि पहली मेरिट लिस्ट में जिन अभ्यर्थियों का नाम जारी किया गया है, उनके लिए 6 जुलाई अंतिम तिथि है. निर्धारित समय के भीतर नामांकन नहीं कराने वाले छात्रों की दावेदारी स्वतः समाप्त हो जाएगी और उनकी सीटें अगले चरण के लिए रिक्त मानी जाएंगी.
कॉलेजों से रिक्त सीटों का विवरण मांगा जाएगा
पहले चरण की नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विश्वविद्यालय सभी कॉलेजों से विषयवार रिक्त सीटों का विवरण मांगेगा. इसके आधार पर दूसरी मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी, जिसे 10 जुलाई तक जारी करने की तैयारी है.
39 हजार आवेदन, 50 हजार सीटें उपलब्ध
इस वर्ष स्नातक नामांकन के लिए करीब 39 हजार विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है. छपरा, सीवान और गोपालगंज में हाल ही में प्रखंड स्तर पर 28 नए राजकीय डिग्री महाविद्यालय शुरू किए गए हैं. इनके अलावा विश्वविद्यालय के अधीन 21 अंगीभूत और 14 संबद्ध महाविद्यालयों में कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय की लगभग 50 हजार सीटों पर नामांकन हो रहा है.
कई विषयों में नामांकन रहा कम
पहले चरण में हिंदी, समाजशास्त्र, भोजपुरी, उर्दू, गणित, दर्शनशास्त्र और ग्रामीण अर्थशास्त्र जैसे विषयों में अपेक्षाकृत कम नामांकन हुआ है. वहीं इतिहास, भूगोल, मनोविज्ञान और जूलॉजी जैसे लोकप्रिय विषयों में पहली मेरिट लिस्ट के अधिकांश विद्यार्थियों ने दाखिला ले लिया है.
