Saran News: पानापुर थाना क्षेत्र के तुर्की गांव में सोमवार की रात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. चोर सीढ़ीघर के रास्ते घर में प्रवेश कर गए और पेटी-बक्सा तोड़कर जेवर, नकदी सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गए.
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.
श्राद्ध भोज में शामिल होने गया था परिवार
बताया जाता है कि तुर्की गांव निवासी सुरेश चौरसिया के घर के पुरुष सदस्य बाहर रहते हैं. घर में महिलाएं और बच्चे रहते हैं.
सोमवार की देर शाम परिवार के सभी सदस्य घर में ताला लगाकर पट्टीदारी में आयोजित श्राद्ध भोज में शामिल होने चले गए थे. इसी दौरान चोरों ने घर को अपना निशाना बना लिया.
सीढ़ीघर के रास्ते घर में घुसे चोर
ग्रामीणों के अनुसार, रात करीब नौ से दस बजे के बीच चोर सीढ़ीघर के रास्ते घर के अंदर दाखिल हुए. इसके बाद चोरों ने कमरों में रखे पेटी-बक्सों को तोड़ दिया और उसमें रखे जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए.
जब परिवार के लोग भोज से वापस लौटे तो घर के कमरों के टूटे ताले और बिखरे सामान देखकर उनके होश उड़ गए.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घरवालों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. घटना की सूचना मिलने के बाद पानापुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी.
पुलिस चोरी की घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और चोरों की पहचान के लिए प्रयास किया जा रहा है.
