saran news : मांझी में नहाने गया युवक सरयू नदी में डूबा, आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम की सड़क

saran news : देर से रेस्क्यू शुरू होने पर परिजनों का फूटा गुस्सा, आगजनी कर जताया विरोध, एसडीआरएफ की टीम ने शुरू की खोजबीन, युवक का नहीं लगा सुराग

saran news : मांझी. मांझी नगर पंचायत क्षेत्र के दुर्गापुर गांव स्थित सरयू नदी घाट पर मंगलवार को नहाने के दौरान एक युवक डूब गया. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गयी और बड़ी संख्या में ग्रामीण व परिजन घाट पर जुट गये. परिजनों के रुदन-क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया.

डूबा युवक दुर्गापुर गांव निवासी प्रेम कुमार सिंह का 20 वर्षीय पुत्र रौशन कुमार सिंह बताया जाता है. परिजनों के अनुसार वह अन्य युवकों और घर की महिलाओं के साथ सरयू नदी में नहाने गया था, तभी पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया. ग्रामीणों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका. बताया जाता है कि युवक इंटर परीक्षा का परीक्षार्थी था. उसके पिता प्रेम कुमार सिंह गुजरात में प्राइवेट नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं.

घर में चल रहा उत्सव मातम में बदला

परिजनों ने बताया कि रौशन कुमार के बड़े पापा हरेंद्र सिंह की पुत्री श्वेता कुमारी की शादी सात मई को तय थी, लेकिन हादसे के बाद घर का पूरा माहौल मातम में बदल गया.

प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप

घटना की सूचना पर सीओ सौरभ अभिषेक के देर से पहुंचने से ग्रामीण आक्रोशित हो गये और जयप्रभा सेतु के एप्रोच मोड़ पर आगजनी कर सड़क जाम कर दिया. इससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया. लगन के मौसम के कारण छपरा, बलिया, ताजपुर और एकमा रोड पर भीषण जाम लग गया. यात्रियों को भारी परेशानी हुई. आक्रोशित लोगों ने मौके पर पहुंचे सीओ को वापस लौटा दिया और एसडीआरएफ टीम तत्काल बुलाने की मांग की. बाद में सदर एसडीओ नितेश कुमार को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा.

एसडीआरएफ ने शुरू की खोजबीन

शाम करीब साढ़े पांच बजे एसडीआरएफ टीम के पहुंचने के बाद खोजबीन शुरू की गयी, जिसके बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया और आवागमन बहाल हुआ. देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shailesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >