सारण: तरैया में 2100 श्रद्धालुओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा, पांच दिवसीय प्राणप्रतिष्ठा यज्ञ शुरू

तरैया के उसरी गांगोदाई ब्रह्मस्थान में नवनिर्मित शिव मंदिर की प्राणप्रतिष्ठा को लेकर पांच दिवसीय यज्ञ शुरू हुआ. 2100 श्रद्धालुओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली.

Saran News: तरैया प्रखंड के डुमरी पंचायत स्थित उसरी गांगोदाई ब्रह्मस्थान परिसर में नवनिर्मित श्रीशंकर भगवान के मंदिर में मूर्ति की प्राणप्रतिष्ठा को लेकर आयोजित पांच दिवसीय प्रतिष्ठात्मक यज्ञ का शुभारंभ गुरुवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ. कलश यात्रा में करीब 2100 श्रद्धालु महिलाएं, युवतियां, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण श्रद्धाभक्ति के साथ शामिल हुए.

हाथी-घोड़े और बैंड-बाजे के साथ निकली कलश यात्रा

यज्ञस्थल से निकली कलश यात्रा में बैंड-बाजे, हाथी-घोड़े और डीजे रथ आकर्षण का केंद्र रहे. श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ यात्रा में शामिल हुए. कलश यात्रा उसरी बाजार और भगवानपुर बाजार होते हुए पानापुर थाना क्षेत्र स्थित प्रमुख तीर्थस्थल मथुरा धाम पहुंची.

मथुरा धाम में आचार्य अभिजीत मिश्रा और पंडित सुरेंद्र तिवारी के वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच श्रद्धालुओं ने कलश में पवित्र जल भरा. इसके बाद श्रद्धालु कलश लेकर यज्ञस्थल लौटे.

31 जुलाई से शुरू होगी शिवमहापुराण कथा

यज्ञ कमेटी के सदस्यों ने बताया कि कलश यात्रा के साथ पांच दिवसीय महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ हो गया है. शुक्रवार, 31 जुलाई की शाम सात बजे से रात 10 बजे तक मानस मंजरी सुश्री प्रिया प्रियदर्शी द्वारा त्रिदिवसीय शिवमहापुराण कथा का आयोजन किया जायेगा.

कथा के दौरान श्रद्धालुओं को भगवान शिव की महिमा और धार्मिक प्रसंगों से परिचित कराया जायेगा.

4 अगस्त को होगी मूर्ति की प्राणप्रतिष्ठा

यज्ञ के अंतिम चरण में चार अगस्त को नवनिर्मित मंदिर में स्थापित भगवान शिव की मूर्ति का नगर भ्रमण कराया जायेगा. इसके बाद वैदिक विधि-विधान के साथ मूर्ति की प्राणप्रतिष्ठा की जायेगी. प्राणप्रतिष्ठा के बाद श्रद्धालुओं के लिए महाभंडारे का आयोजन किया जायेगा.

वहीं, प्राणप्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद संध्या समय बिजेंद्र गिरि द्वारा राम विवाह कार्यक्रम प्रस्तुत किया जायेगा.

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा

कलश यात्रा में मुख्य यजमान के रूप में विनोद शर्मा और देवेंद्र नाथ दिनकर शामिल हुए. इसके अलावा प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि धनवीर कुमार सिंह विक्कू, मुखिया सह जदयू नेता सुशील सिंह, पैक्स अध्यक्ष राहुल सिंह, बीडीसी विश्वकर्मा शर्मा, लाल बहादुर राय, द्वारिका महतो, धर्मेंद्र राय, अखिलेश महतो, सरोज शर्मा, अजीत चौरसिया, रंजन प्रसाद, सुशील ठाकुर और श्याम नारायण महतो समेत उसरी गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >