Saran Embankment: नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने के कारण गंडक नदी में पानी बढ़ने की संभावना को देखते हुए बुधवार को सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने सारण तटबंध का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने तटबंध की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को पूरी तरह अलर्ट रहने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने का निर्देश दिया.
निरीक्षण के दौरान मढ़ौरा एसडीओ सैयद मोहसिन, डीसीएलआर मढ़ौरा धनंजय त्रिपाठी, तरैया बीडीओ विभु विवेक, सीओ अजय कुमार, तरैया प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि धनवीर कुमार सिंह विक्कू समेत अन्य पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
सगुनी से भटगाई-मोलनापुर तक तटबंध का निरीक्षण
डीएम ने तरैया प्रखंड से होकर गुजरने वाले सारण तटबंध का सगुनी से भटगाई-मोलनापुर तक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने तटबंध की स्थिति और संवेदनशील स्थानों की जानकारी ली. अधिकारियों को संभावित खतरे को देखते हुए लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया.
तटबंध पर पुलिस बल की होगी तैनाती
डीएम ने सारण तटबंध पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की तैनाती करने का निर्देश दिया. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें.
निचले इलाकों के लोगों से सतर्क रहने की अपील
डीएम ने जनप्रतिनिधियों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की. उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की आपात स्थिति या असामान्य परिस्थिति की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचित करें.
सारण तटबंध के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गयी है. प्रशासन ने लोगों से अपने आवश्यक सामान के साथ ऊंचे और सुरक्षित स्थानों को पहले से चिन्हित रखने की अपील की है, ताकि जरूरत पड़ने पर समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचा जा सके.
प्रशासन की संभावित बाढ़ पर नजर
नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने के बाद गंडक नदी के जलस्तर पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है. संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए तटबंधों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है. प्रशासन ने लोगों से सहयोग करने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है.
इसे भी पढ़ें: भरत तिवारी मामले पर बोले सीएम सम्राट चौधरी, कहा- मैं किसी जाति या धर्म का विरोधी नहीं, सुशासन का समर्थक हूं
