PM Poshan Yojana Taraiya: तरैया प्रखंड के मैकडोनाल्ड उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सह पीएमश्री विद्यालय में पीएम पोषण योजना की राशि का करीब एक साल से भुगतान नहीं होने का मामला सामने आया है. इस संबंध में विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार सिंह ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, तरैया को शिकायत प्रतिवेदन देकर समस्या के समाधान की मांग की है.
अगस्त की उपयोगिता जमा नहीं लेने का लगाया आरोप
प्रधानाध्यापक द्वारा दिये गये शिकायत प्रतिवेदन में कहा गया है कि प्रखंड साधनसेवी द्वारा पीएम पोषण योजना के अगस्त 2026 की उपयोगिता जमा नहीं ली जा रही है. प्रतिवेदन के अनुसार, 18 और 19 अगस्त को तकनीकी कारणों से मध्याह्न भोजन का रिपोर्ट ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपलोड नहीं हो सका था. इसी कारण अगस्त माह की उपयोगिता जमा नहीं लिये जाने की बात कही गयी है.
जनवरी को छोड़ किसी माह की राशि का नहीं हुआ भुगतान
शिकायत में कहा गया है कि विद्यालय में 22 अगस्त 2025 से मध्याह्न भोजन योजना का संचालन किया जा रहा है. एक वर्ष बीत जाने के बाद भी जनवरी 2026 को छोड़कर अन्य महीनों की उपयोगिता जमा करने के बावजूद योजना की राशि का भुगतान नहीं हुआ है. इसके कारण विद्यालय के सामने आर्थिक परेशानी उत्पन्न हो गयी है.
राशन और गैस देने से भेंडर कर रहे इनकार
प्रधानाध्यापक के अनुसार, राशन और गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने वाले भेंडर अब भुगतान नहीं होने के कारण हाथ खड़े करने लगे हैं. भेंडरों ने राशन और गैस सिलेंडर देने से इनकार करना शुरू कर दिया है. वहीं, विद्यालय में कार्यरत रसोइयों का मेहनताना भी 22 अगस्त 2025 से बकाया होने की बात शिकायत में कही गयी है.
मानसिक दबाव का हवाला देकर प्रभार संचालन में असमर्थता जतायी
प्रधानाध्यापक ने शिकायत प्रतिवेदन में आरोप लगाया है कि प्रखंड साधनसेवी पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर सहयोग नहीं कर रहे हैं, जिसके कारण यह समस्या बनी हुई है. उन्होंने कहा है कि लगातार उत्पन्न हो रहे मानसिक दबाव के कारण वह विद्यालय के प्रभार का संचालन करने में असमर्थ हैं. प्रधानाध्यापक ने बीईओ से मामले में आवश्यक निर्देश देने और समस्या का समाधान कराने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: ‘झंडू कुमार’ को कभी नाम पर मिले ताने, मेडल जीते तो हुआ भव्य स्वागत, पीएम मोदी की भी मिली बधाई
