Saran News: सारण जिले के तरैया बाजार में सोमवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी. बारिश के बाद बाजार की मुख्य सड़कों पर एक से डेढ़ फीट तक पानी जमा हो गया, जिससे आम लोगों, राहगीरों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लंबे समय से जलनिकासी की मांग के बावजूद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई ठोस पहल नहीं किए जाने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
पोस्ट ऑफिस के पास नाला ओवरफ्लो, दुर्गंध से परेशान दुकानदार
सोमवार सुबह हुई तेज बारिश के कारण पोस्ट ऑफिस के समीप स्थित नाला ओवरफ्लो होकर चौक पर गंदा और दुर्गंधयुक्त पानी फैलाने लगा. इससे आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों का वहां ठहरना मुश्किल हो गया. बदबू के कारण व्यापार भी प्रभावित हो रहा है.
मुख्य सड़कों पर डेढ़ फीट पानी, आवागमन हुआ मुश्किल
तरैया-मढ़ौरा मुख्य सड़क पर गंडक नहर पुल से लेकर तरैया बाजार तक करीब डेढ़ फीट पानी जमा हो गया है. सड़क पर जलजमाव के कारण पैदल चलना मुश्किल हो गया है. वाहनों की आवाजाही से पानी उछलकर आसपास के घरों और दुकानों में प्रवेश कर रहा है, जिससे लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं.
तरैया-अमनौर सड़क की भी बदहाल स्थिति
तरैया-अमनौर मुख्य सड़क की स्थिति भी बेहद खराब है. इस सड़क पर न तो समुचित नाला है और न ही पानी निकासी की कोई व्यवस्था. बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहने से सड़क पर चलना जोखिम भरा हो गया है.
व्यवसायियों में बढ़ा आक्रोश, आंदोलन की तैयारी
लगातार जलजमाव और नालों से निकल रही गंदगी व बदबू से बाजार के व्यवसायियों में भारी आक्रोश है. स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों का कहना है कि कई महीनों से जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. नाराज व्यवसायी अब सड़क जाम कर विरोध-प्रदर्शन और आंदोलन की तैयारी में हैं.
प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी निगाहें
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा. अब सभी की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं कि लोगों की समस्या का समाधान कब तक हो पाता है.
इसे भी पढ़ें: 1995 से बीजेपी का अभेद्य किला है बांकीपुर, जानिए 1957 से लेकर अब तक कौन-कौन बना विधायक
