JPU UG Admission 2026: सेकेंड मेरिट लिस्ट के छात्रों का नामांकन शुरू, 18 जुलाई तक पूरी करनी होगी प्रक्रिया

JPU UG Admission 2026: जयप्रकाश विश्वविद्यालय के सभी कॉलेजों में सेकेंड मेरिट लिस्ट के छात्रों का स्नातक नामांकन शुरू हो गया है. 18 जुलाई तक एडमिशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी. 75% उपस्थिति और CBCS सिलेबस की जानकारी भी दी जा रही है.

JPU UG Admission 2026: जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) के सभी अंगीभूत और संबद्ध कॉलेजों में स्नातक सत्र 2026-30 के लिए जारी सेकेंड मेरिट लिस्ट के आधार पर नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है. नामांकन के साथ ही छात्र-छात्राओं को रोल नंबर आवंटित किया जा रहा है और अगले दिन से नियमित कक्षाओं में उपस्थित होने का निर्देश दिया जा रहा है.

सोमवार सुबह 10 बजे से ही शहर के जयप्रकाश महिला कॉलेज, राजेंद्र कॉलेज, जगदम कॉलेज, पीसी विज्ञान कॉलेज, जगलाल चौधरी कॉलेज, राम जयपाल कॉलेज और गंगा सिंह कॉलेज सहित विभिन्न महाविद्यालयों में नामांकन के लिए छात्रों की भीड़ देखने को मिली.

18 जुलाई तक पूरा करना होगा नामांकन

छात्र कल्याण विभाग के अनुसार, सेकेंड मेरिट लिस्ट में 15 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं के नाम जारी किए गए हैं. सभी अभ्यर्थियों को 18 जुलाई तक नामांकन की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है.

अधिक भीड़ वाले कॉलेजों में दो से तीन नामांकन काउंटर बनाए गए हैं. वहीं, विभागाध्यक्षों और शिक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी शैक्षणिक दस्तावेजों का सत्यापन होने के बाद ही नामांकन स्वीकृत किया जाए.

हेल्प डेस्क पर दी जा रही जरूरी जानकारी

सभी कॉलेजों में नामांकन के दौरान हेल्प डेस्क भी संचालित किया जा रहा है. यहां शिक्षक और कर्मचारी छात्रों को नामांकन प्रक्रिया, कॉलेज की सुविधाओं, एनएसएस और एनसीसी यूनिट से जुड़ने के बारे में जानकारी दे रहे हैं. साथ ही वर्ग संचालन का शेड्यूल और अन्य आवश्यक सूचनाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं.

75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य

कॉलेज प्रशासन छात्रों को नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने के लिए प्रेरित कर रहा है. विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है. पिछले वर्षों में कम उपस्थिति के कारण कई छात्रों को परीक्षा फॉर्म भरने में परेशानी हुई थी. इसी को देखते हुए इस बार नामांकन के समय से ही छात्रों को नियमित कक्षाओं में शामिल होने की सलाह दी जा रही है.

CBCS सिलेबस और क्रेडिट सिस्टम की दी जा रही जानकारी

विश्वविद्यालय में एक जुलाई से स्नातक सत्र की कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं. पहली मेरिट लिस्ट के छात्रों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें नए पाठ्यक्रम और परीक्षा प्रणाली की जानकारी दी गई थी.

अब सेकेंड मेरिट लिस्ट के माध्यम से नामांकन लेने वाले छात्रों को भी चॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम (CBCS) के तहत मेजर, माइनर, स्किल एनहैंसमेंट और एबिलिटी एनहैंसमेंट विषयों के साथ क्रेडिट सिस्टम की विस्तृत जानकारी दी जाएगी.

सभी कॉलेजों में नियमित चल रही हैं कक्षाएं

विश्वविद्यालय के सभी कॉलेजों में नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है. विभागवार क्लास रूटीन नोटिस बोर्ड पर जारी कर दिया गया है. साथ ही छात्रों की सुविधा के लिए विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप में भी समय-सारिणी साझा की जा रही है.

इसे भी पढ़ें: अनंत सिंह और गुंजन सिंह गोपालगंज कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे, मिली स्थायी जमानत, जानें पूरा केस



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat kiran himanshu

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >