सारण: तरैया में महिला की गोली मारकर हत्या, बेटे ने तीन अज्ञात अपराधियों पर दर्ज करायी प्राथमिकी

सारण जिले के तरैया में उस वक्त सनसनी फैल गई जब घर के सामने बैठी एक महिला को तीन अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई।)

Saran News : तरैया में अपराधियों द्वारा गोली मारकर महिला की हत्या किये जाने के मामले में मृतका के पुत्र दीपक कुमार सिंह ने तरैया थाने में तीन अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच तेज कर दी है.

घर के सामने बैठी महिला पर की फायरिंग

प्राथमिकी में दीपक कुमार सिंह ने बताया है कि उनकी मां नीलम देवी प्रतिदिन की तरह 19 सितंबर की शाम अपने दरवाजे पर बैठी थीं. करीब 6:30 बजे तरैया बाजार की ओर से बाइक पर सवार तीन अपराधी उनके दरवाजे के सामने सड़क पर पहुंचे. इसके बाद अपराधियों ने नीलम देवी पर अंधाधुंध पांच राउंड गोलियां चला दीं.

गोली लगने से नीलम देवी गंभीर रूप से घायल हो गयीं. परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक बाइक सवार अपराधी मसरख की ओर भाग चुके थे.

पेट और पैर में लगी थीं गोलियां

परिजन घायल नीलम देवी को आनन-फानन में तरैया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया. वहां से भी चिकित्सकों ने पटना एम्स रेफर किया.

परिजनों के अनुसार, चिकित्सकों ने बताया कि एक गोली पेट में, जबकि तीन गोलियां पैर और जांघ में लगी थीं. पटना एम्स ले जाने के दौरान रास्ते में नीलम देवी की मौत हो गयी. इसके बाद शव को दोबारा सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पोस्टमार्टम के बाद हुआ अंतिम संस्कार

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. इसके बाद शव को घर लाकर अंतिम संस्कार किया गया. घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है.

अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग

मृतका के पुत्र दीपक कुमार सिंह ने पुलिस से परिवार की सुरक्षा की गुहार लगायी है. उन्होंने घटना में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी कर कड़ी कानूनी कार्रवाई और सख्त सजा दिलाने की मांग की है. पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुट गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >