Taraiya Tree Plantation Drive : तरैया स्थित शिव एकेडमी रामकोला के पर्यावरण क्लब की ओर से पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधरोपण अभियान चलाया गया. विद्यालय के सहायक निदेशक अमित कुमार उर्फ हीरो सिंह, प्राचार्य अनिल सिंह और सहायक प्राचार्य बिक्रम प्रसाद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने इसमें भाग लिया.
प्रखंड मुख्यालय से हुई अभियान की शुरुआत
पौधरोपण कार्यक्रम की शुरुआत प्रखंड मुख्यालय परिसर से हुई. इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) विभु विवेक की मौजूदगी में विद्यार्थियों ने पौधे लगाए और उनकी नियमित देखभाल तथा संरक्षण का संकल्प लिया.
थाना, अस्पताल और अंचल कार्यालय में भी लगाए पौधे
अभियान के तहत छात्र-छात्राओं ने तरैया थाना परिसर में थानाध्यक्ष धीरज कुमार की उपस्थिति में पौधरोपण किया. इसके अलावा रेफरल अस्पताल और अंचल कार्यालय परिसर में भी अधिकारियों की मौजूदगी में फलदार और छायादार पौधे लगाए गए.
पर्यावरण संरक्षण को बताया समय की सबसे बड़ी जरूरत
विद्यालय के निदेशक ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके.
विद्यार्थियों के प्रयास की अधिकारियों ने की सराहना
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने विद्यार्थियों के इस प्रयास की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं और युवाओं को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराते हैं.
Also Read : बाबा महेंद्रनाथ मंदिर में नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू, अब 2 किमी पहले रोकने होंगे वाहन, प्रशासन ने बदले नियम
