Saran Road Accident News : छपरा-सीवान मुख्य मार्ग एनएच-531 पर एकमा स्थित अलख नारायण सिंह उच्च विद्यालय के समीप शनिवार देर शाम तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया.
मृतक की हुई पहचान
एकमा थानाध्यक्ष रामबालक यादव ने बताया कि मृतक की पहचान सिवान जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र के पांडेपुर गांव निवासी 45 वर्षीय अमलेश कुमार के रूप में हुई है. वह बाइक से छपरा की ओर से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान सीवान की ओर से आ रही अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही एकमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया. साथ ही फरार स्कॉर्पियो और उसके चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.
स्थानीय लोगों ने उठाए सड़क सुरक्षा पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि एकमा के पास एनएच-531 पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं. मुख्य मार्ग के किनारे कई सरकारी और निजी विद्यालय, थाना और बाजार होने के बावजूद वाहन चालक तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना रहता है.
तेज रफ्तार वाहनों से बढ़ रहा खतरा
ग्रामीणों के अनुसार ट्रक, ट्रैक्टर और अन्य चारपहिया वाहन अक्सर तेज गति से इस मार्ग पर चलते हैं. खासकर रात के समय वाहन चालकों की लापरवाही के कारण बाइक सवारों और राहगीरों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना रहता है.
Also Read : सोनपुर श्रावणी मेले की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, सुरक्षा से स्वास्थ्य तक दिए बड़े निर्देश
