Saran Junior Kabaddi Champion : बिहार राज्य कबड्डी संघ के बैनर तले पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग में आयोजित 52वीं बिहार राज्य जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता में सारण जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में बक्सर को हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. पूरे टूर्नामेंट में टीम ने संतुलित खेल का प्रदर्शन किया.
रेड और डिफेंस दोनों में रहा सारण का दबदबा
फाइनल मुकाबले में सारण की ओर से कप्तान आदित्य कुमार की अगुवाई में रेडरों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. वहीं शुभम के नेतृत्व में डिफेंस यूनिट ने मजबूत खेल दिखाते हुए बक्सर के खिलाड़ियों को खुलकर अंक बनाने का मौका नहीं दिया. टीम के इस सामूहिक प्रदर्शन ने जीत की नींव रखी.
कोच हिमांशु कुमार के नेतृत्व में बना नया कीर्तिमान
टीम के कोच हिमांशु कुमार के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने अनुशासित और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया. उनकी रणनीति का ही परिणाम रहा कि सारण ने गत वर्ष की चैंपियन बक्सर को हराकर बिहार जूनियर कबड्डी का खिताब अपने नाम कर लिया.
सारण की खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पुरस्कार वितरण में खेल जगत की कई हस्तियां रहीं मौजूद
विजेता टीम को सम्मानित करने के दौरान सारण जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय कबड्डी महासंघ के कोषाध्यक्ष रमाकांत सोलंकी, बिहार राज्य कबड्डी संघ के सभापति कुमार विजय सिंह, दोहा एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता राजीव सिंह, आनंद शंकर तिवारी, जय शंकर चौधरी, राणा रंजीत सिंह, पंकज सिंह और शशि राय सहित कई खेल पदाधिकारी उपस्थित रहे.
कांस्य से चैंपियन बनने तक का शानदार सफर
सारण जिला कबड्डी संघ के सचिव पंकज कश्यप ने बताया कि पिछले वर्ष टीम को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा था. इसके बाद खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और पदाधिकारियों ने अगले सत्र में चैंपियन बनने का लक्ष्य तय किया. लगातार मेहनत और बेहतर तैयारी का परिणाम इस बार राज्य चैंपियनशिप के खिताब के रूप में सामने आया.
जिलेभर से मिली बधाइयां
सारण की ऐतिहासिक जीत पर संघ के संरक्षक डॉ. सुरेश प्रसाद सिंह, सभापति बैठा, डॉ. हरेंद्र सिंह, डॉ. देव कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष कौशलेंद्र राकेश सिंह, सुशील सिंह, प्रमोद कुमार, दीपक सिंह, रोहित सिंह, शिव शंकर सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने विजेता टीम को शुभकामनाएं दीं.
Also Read : JPU के छात्रों के लिए जरूरी अपडेट, कल से शुरू होगी प्रायोगिक परीक्षा, जानें पूरा शेड्यूल
