तरैया से मनोज कुमार की रिपोर्ट
Saran Weather Update: सारण जिले के तरैया प्रखंड में गुरुवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली. सुबह हुई हल्की बूंदाबांदी और आसमान में छाए काले बादलों ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई. कई दिनों से तेज धूप और गर्म हवाओं से परेशान लोगों ने सुहाने मौसम का भरपूर आनंद लिया. वहीं किसानों के लिए भी यह बारिश किसी राहत भरी खबर से कम नहीं रही.
सुबह की बारिश ने बदल दिया पूरे इलाके का मौसम
गुरुवार सुबह तरैया और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश शुरू होते ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया. आसमान में घने काले बादल छा गए और वातावरण में ठंडक घुल गई. बूंदाबांदी के कारण लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली. पिछले कई दिनों से क्षेत्र में तेज धूप, उमस और गर्म हवाओं का असर बना हुआ था. दोपहर के समय घर से निकलना तक मुश्किल हो गया था. बाजारों में भी लोगों की आवाजाही कम हो गई थी. ऐसे में सुबह की हल्की बारिश लोगों के लिए राहत का बड़ा कारण बनी.
मॉर्निंग वॉक करने वालों ने उठाया सुहाने मौसम का आनंद
सुबह हुई बारिश और ठंडी हवाओं के बीच मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी. फिजिकल तैयारी करने वाले युवक-युवतियों ने भी मौसम का भरपूर आनंद लिया. बूंदाबांदी के कारण वातावरण काफी खुशनुमा और ताजगी भरा महसूस हुआ. हल्की बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई. गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली और सुबह के समय सड़कों पर निकलने वाले लोगों ने मौसम के इस बदलाव का स्वागत किया. कई लोगों ने इसे मानसून की आहट बताया.
किसानों के लिए राहत की खबर
बारिश और बादलों को देखकर किसानों के चेहरे भी खिल उठे. किसानों का कहना है कि हल्की बारिश से खेतों में नमी आ गई है, जिससे धान की खेती की तैयारी में मदद मिलेगी. अब किसान धान के बिचड़े डालने की तैयारी में जुट जाएंगे. कृषि विशेषज्ञों के अनुसार समय पर होने वाली हल्की बारिश खेती के लिए लाभदायक होती है. इससे खेतों की नमी बनी रहती है और धान समेत अन्य फसलों की बुआई की तैयारी आसान हो जाती है. किसानों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में और बारिश होगी.
Also Read: saran news : जानें सारण जिले में आज का दर्शन, ओपीडी में कौन होंगे डॉक्टर, शहर में कहां क्या होगा
