Saran News: सारण जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसने के लिए पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है. वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर पिछले 24 घंटे के दौरान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियान में पुलिस ने 31 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया. इसके अलावा 11 वारंटियों को भी दबोच लिया गया. अभियान के दौरान अवैध शराब बरामद करने के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई.
विभिन्न मामलों में हुई गिरफ्तारियां
पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में 11 वारंटी, शराब पीने के आरोप में 9, शराब कारोबार से जुड़े 3, लूट के मामले में 3, हत्या के प्रयास के 2, चोरी के 1 तथा अन्य मामलों के 2 अभियुक्त शामिल हैं. सभी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है.
156 लीटर शराब, वाहन और मोबाइल बरामद
अभियान के दौरान पुलिस ने 156 लीटर देशी शराब बरामद की. इसके अलावा छह मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, एक कार और एक अपहृता को सकुशल बरामद किया गया. पुलिस ने छापेमारी के दौरान 1,230 रुपये नकद भी जब्त किए हैं.
यातायात अभियान में 93,500 रुपये का जुर्माना
यातायात नियमों के पालन को लेकर चलाए गए विशेष अभियान में जिले के विभिन्न स्थानों पर 71 वाहनों की जांच की गई. इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से कुल 93,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया.
एसएसपी ने दिए लगातार कार्रवाई के निर्देश
वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने कहा कि जिले में अपराधियों, वारंटियों और अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा. कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी थाना क्षेत्रों को नियमित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.
लोगों से सहयोग की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अपराध, अवैध शराब के कारोबार या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें. सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके.
