Shri Krishna Janmashtami: उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसा परिसर में चल रहे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समारोह के चौथे दिन महिला एवं पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और दमखम का प्रदर्शन किया. फाइनल मुकाबलों के बाद विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल, शील्ड/कप और टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया.
पुरुष वर्ग में उड़ान क्लब डेरनी सुतिहार विजेता
पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल में उड़ान क्लब डेरनी सुतिहार ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए त्रिशूल स्पोर्ट्स एकेडमी परसा को 9 अंकों से पराजित किया. मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला.
उड़ान क्लब के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल के दम पर मुकाबले में अपनी पकड़ बनाए रखी और अंत में जीत दर्ज कर विजेता का खिताब हासिल किया. त्रिशूल स्पोर्ट्स एकेडमी परसा को उपविजेता के खिताब से संतोष करना पड़ा.
महिला फाइनल में मढ़ौरा स्पोर्ट्स क्लब की जीत
महिला कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में मढ़ौरा स्पोर्ट्स क्लब की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उड़ान क्लब डेरनी सुतिहार को 10 अंकों से हराया. मढ़ौरा की खिलाड़ियों ने मुकाबले की शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और शानदार खेल के दम पर विजेता बनीं.
उड़ान क्लब डेरनी सुतिहार की महिला टीम उपविजेता रही.
विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में दोनों वर्गों की विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल, शील्ड/कप और टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया. पुरस्कार मिलने के बाद खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला.
पुरस्कार वितरण में श्रीकृष्ण पूजा समिति के अध्यक्ष शैलेन्द्र यादव, डॉ. संजय कुमार राय, फैज आलम, अंकित कुमार, विकास यादव, चंदन कुमार, अर्जुन सिंह, रंजीत कुमार, पंकज कुमार, कोच रोहित कुमार, रेफरी ऋषभ कुमार, शिक्षक साकेत कुमार और मुखिया सरोज राय समेत अन्य लोग मौजूद रहे.
आठ टीमों ने लिया हिस्सा
कबड्डी प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की चार और महिला वर्ग की चार टीमों ने हिस्सा लिया. पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. फाइनल मुकाबले देखने के लिए विद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में खेलप्रेमी और स्थानीय लोग मौजूद रहे.
खिलाड़ियों के शानदार रेड, डिफेंस और संघर्षपूर्ण खेल ने दर्शकों को रोमांचित किया. आयोजन समिति के सदस्यों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है. जरूरत है कि खिलाड़ियों को बेहतर मंच और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिले.
समिति के अनुसार, इस तरह की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है. श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समारोह के दौरान आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता से युवाओं और बच्चों में खेल के प्रति उत्साह बढ़ा.
