Saran News: (हरि प्रकाश मिश्रा) जिले में अवैध दवा दुकानों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गड़खा थाना क्षेत्र के शामसतपुर में बुधवार को बड़ी कार्रवाई की गई. ड्रग इंस्पेक्टर की टीम ने विजय साह द्वारा संचालित एक अवैध दवा दुकान पर छापेमारी कर करीब 40 प्रकार की दवाएं जब्त कीं.
छापेमारी में खुली बड़ी लापरवाही
जांच के दौरान दुकान संचालक के पास किसी भी प्रकार का वैध ड्रग लाइसेंस नहीं मिला. टीम को दुकान में एंटीबायोटिक, कफ सिरप, विटामिन और गैस संबंधी दवाओं समेत कई तरह की दवाएं भारी मात्रा में भंडारित मिलीं. बिना अनुमति दवा बिक्री को गंभीर उल्लंघन मानते हुए अधिकारियों ने मौके पर ही सभी दवाएं जब्त कर लीं.
दो संदिग्ध दवाओं का लिया गया सैंपल
ड्रग इंस्पेक्टर मो. असगर अंसारी ने बताया कि जब्त दवाओं में से दो संदिग्ध दवाओं का नमूना जांच और विश्लेषण के लिए लिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
लोगों की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
अधिकारियों ने कहा कि बिना लाइसेंस दवा बेचना कानूनन अपराध है और इससे आम लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध दवा दुकानों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
दो दिन पहले भी हुई थी कार्रवाई
गौरतलब है कि इससे पहले दाउदपुर थाना क्षेत्र में भी ड्रग विभाग की टीम ने छापेमारी कर अवैध दवाएं बरामद की थीं. लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध दवा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है. छापेमारी टीम में औषधि निरीक्षक अभय कुमार सिंह, कुंदन कुमार केशरी के साथ गड़खा थाना के पुलिस अवर निरीक्षक नरेंद्र कुमार और पुलिस बल के जवान शामिल थे.
Also Read: सारण के मकेर में 24 घंटे बाद भी नहीं मिला मजदूर का शव, गंडक नदी किनारे टकटकी लगाए बैठे ग्रामीण
