सारण में सोते रह गए तीन भाई, चोरों ने नशीला स्प्रे छिड़ककर लाखों की संपत्ति पर साफ किया हाथ

Saran News: सारण के नगरा थाना क्षेत्र के मानपुर गांव में तीन भाइयों के घर अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. करीब दो लाख रुपये नकद और 10 से 15 लाख रुपये के जेवरात चोरी होने का दावा. पुलिस मामले की जांच में जुटी.

Saran News: सारण जिले के खैरा थाना क्षेत्र के मानपुर गांव में शुक्रवार और शनिवार की मध्यरात्रि अज्ञात चोरों ने एक ही परिवार के तीन भाइयों के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है. सूचना मिलने पर खैरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

पीछे से घर में घुसे चोर, तीन कमरों के ताले तोड़े

जानकारी के अनुसार चोर घर के पीछे खेत की ओर से सीढ़ी लगाकर किचन के रास्ते अंदर दाखिल हुए. इसके बाद उन्होंने तीन कमरों के ताले तोड़ दिए और अलमारी, गोदरेज तथा बक्सों के लॉक तोड़कर नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए.

पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए सामान में करीब दो लाख रुपये नकद तथा 10 से 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात शामिल हैं. हालांकि चोरी गई संपत्ति का वास्तविक मूल्य पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

एक ही परिवार के तीन भाइयों के घर को बनाया निशाना

घटना मानपुर गांव निवासी लाल खान, सुडु खान एवं एनामुल उर्फ गुड्डू खान के घर हुई. चोरों ने बारी-बारी से तीनों भाइयों के कमरों को निशाना बनाया और आराम से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए.

गृहस्वामी ने जताई नशीला स्प्रे करने की आशंका

गृहस्वामी एनामुल उर्फ गुड्डू खान ने बताया कि सभी भाई बाहर रहते हैं. घटना वाली रात वह घर की छत पर सो रहे थे, जबकि उनकी मां नीचे बरामदे में सोई थीं. चोर पीछे के रास्ते घर में घुसे और बरामदे का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया.

उन्होंने बताया कि सुबह नींद खुलने पर सिर भारी लग रहा था और चक्कर आ रहे थे. इस आधार पर उन्होंने आशंका जताई कि चोरों ने वारदात के दौरान किसी प्रकार का नशीला स्प्रे किया होगा, जिससे घर के लोग गहरी नींद में सोते रह गए.

बाइक का तार भी काट गए चोर

पीड़ित परिवार ने बताया कि चोरों ने घर में खड़ी बाइक का वायर भी काट दिया था, ताकि जरूरत पड़ने पर बाइक स्टार्ट न हो सके और उनका पीछा नहीं किया जा सके.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

सुबह चोरी की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया. देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए. सूचना मिलने पर खैरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार समेत आसपास के लोगों से पूछताछ की.

क्या बोले थानाध्यक्ष?

इस संबंध में खैरा थानाध्यक्ष अखिलेश पासवान ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना मिली है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है. जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा.

इसे भी पढ़ें: सारण में विशेष वाहन जांच अभियान, 41 वाहनों की जांच, 52,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Md Ayub

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >