सारण से कुलदीप महासेठ की रिपोर्ट
Saran News: सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि महिला सड़क पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक अज्ञात कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक का माहौल है.
सड़क पार करते समय हुआ दर्दनाक हादसा
यह हादसा अमनौर-तरैया मुख्य सड़क पर धरमपुर जफर हाई स्कूल के समीप हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वृद्ध महिला सड़क पार कर रही थी, तभी तेज गति से आ रही एक अज्ञात कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. स्थानीय लोगों के मुताबिक कार की रफ्तार काफी तेज थी. टक्कर लगते ही महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गई. आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश की.
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृत महिला की पहचान धरमपुर जफर गांव निवासी रघुवंश महतो की 65 वर्षीय पत्नी रामावती देवी के रूप में की गई है. उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई.पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है.पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
हादसे के बाद फरार हुआ कार चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद अज्ञात कार चालक मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने वाहन को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन चालक भागने में सफल रहा. घटना की सूचना मिलते ही अमनौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अज्ञात वाहन की पहचान में जुटी हुई है.
Also Read: तरैया में बदला मौसम का मिजाज, तेज आंधी और झमाझम बारिश का अलर्ट, भीषण गर्मी से मिली राहत
