Saran News : (संजय भारद्वाज) जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में शनिवार को सदर अस्पताल, छपरा में रोगी कल्याण समिति की बैठक की गई. इसमें अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए मरीजों की सुविधा व बेहतर उपचार व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया. सदर अस्पताल के ओपीडी में दो कमरों के उन्नयन कराने का निर्णय लिया गया, जिससे मरीजों को पंजीकरण एवं परामर्श में सुविधा हो सके.
डिजिटल टोकन डिस्प्ले सिस्टम होगी बहाल
अस्पताल में डिजिटल टोकन डिस्प्ले सिस्टम एवं डिजिटल साइनेज की व्यवस्था की जाएगी, ताकि मरीजों को विभिन्न विभागों एवं सेवाओं की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके. डिजिटल डेंटल एक्स-रे की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, जिससे मरीजों का त्वरित उपचार हो सकेगा. ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर के सौंदर्यीकरण कराया जायेगा.
विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए इंटरकॉम की व्यवस्था
अस्पताल के विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं त्वरित सूचना आदान-प्रदान के लिए इंटरकॉम व्यवस्था को क्रियान्वित किया जाएगा. परिसर में पीए सिस्टम एवं टीवी डिस्प्ले की व्यवस्था की जाएगी, ताकि आवश्यक घोषणाएं एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी मरीजों एवं परिजनों तक पहुंचाई जा सके. सभी ओपीडी में एक समान 6 अंकों वाला डिजिटल टोकन सिस्टम लगाने का निर्णय लिया गया. आयुष्मान भारत के तहत इलाज किये जाने से प्राप्त राशि का 75 प्रतिशत अंश अस्पताल के आधारभूत संरचना विकास पर तथा 25 प्रतिशत चिकित्सकों एवं पारा मेडिकल कर्मियों के प्रोत्साहन भुगतान पर व्यय किए जाने के प्रावधान का क्रियान्वयन का निर्णय लिया गया.
सीसीटीवी बैकअप सिस्टम एक महीने के लिए होगा अपग्रेड
सीसीटीवी बैकअप सिस्टम को वर्त्तमान 15 दिनों से बढ़ाकर एक माह के लिए अपग्रेड करने का निर्णय लिया गया, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी हो सके. समिति के सदस्यों से भी एक एक कर महत्वपूर्ण सुझाव एवं फीडबैक लिया गया. रोगी कल्याण समिति की बैठक नियमित रूप से की जायेगी ताकि प्राप्त फीडबैक के आधार पर स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार किया जा सके. जिलाधिकारी ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर चिकित्सा सुविधा, स्वच्छ वातावरण एवं सहज व्यवस्था उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को लिए गए निर्णयों का शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक तथा रोगी कल्याण समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे.
