Saran News: आम लोगों की शिकायतों के त्वरित निष्पादन और पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाने की दिशा में शनिवार को पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), छपरा ने पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई की. इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं. जनसुनवाई में विभिन्न मामलों से जुड़ी शिकायतों पर विस्तार से सुनवाई की गई.
निष्पक्ष जांच कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने प्रत्येक आवेदन का अवलोकन करते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.
समयबद्ध न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता
पुलिस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार ग्रामीण एसपी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आम लोगों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान कर उन्हें न्याय दिलाना भी है. उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़ित को अपनी शिकायत के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से समीक्षा की जा रही है.
हर कार्य दिवस पर होती है जनसुनवाई
पुलिस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार आम जनता की सुविधा के लिए प्रत्येक कार्य दिवस पर सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक नियमित रूप से जनसुनवाई आयोजित की जाती है. इस दौरान नागरिक अपनी शिकायत सीधे पुलिस अधिकारियों के समक्ष रख सकते हैं, ताकि उनका त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके.
इसे भी पढ़ें: सारण में विशेष वाहन जांच अभियान, 41 वाहनों की जांच, 52,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया
