सारण से हेमंत शर्मा की रिपोर्ट
Saran News: बिहार में शराब तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच सारण जिले के मांझी में बड़ी कार्रवाई सामने आई है. जय प्रभा सेतु के एप्रोच मोड़ पर पुलिस और मद्य निषेध इकाई की संयुक्त टीम ने शराब से लदे एक कंटेनर ट्रक को जब्त किया है. धान की भूसी के बीच छिपाकर लाई जा रही 1,013 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद होने के बाद तस्करी नेटवर्क में दहशत का माहौल है.
गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल
मांझी थाना पुलिस और मद्य निषेध इकाई पटना को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से जय प्रभा सेतु के रास्ते शराब की बड़ी खेप बिहार में प्रवेश करने वाली है. सूचना मिलते ही अधिकारियों ने एप्रोच मोड़ पर विशेष वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया और आने-जाने वाले वाहनों की सघन तलाशी ली.
धान की भूसी के बीच छिपी मिली शराब की खेप
जांच के दौरान एक कंटेनर ट्रक संदिग्ध पाया गया. तलाशी लेने पर पुलिस के भी होश उड़ गए. ट्रक में धान की भूसी के बीच बेहद चालाकी से छिपाकर रखी गई 1,013 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद हुई. पुलिस ने तुरंत ट्रक को जब्त कर लिया.
पंजाब से लोड होकर बिहार पहुंच रही थी शराब
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शराब की यह खेप पंजाब से लोड की गई थी और बिहार में विभिन्न स्थानों पर इसकी डिलीवरी की जानी थी. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब किसके लिए मंगाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं.
तस्करी गिरोह की तलाश तेज
कार्रवाई के दौरान कंटेनर चालक पुनमा राम को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है. अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ से शराब सप्लाई करने वाले, डिलीवरी लेने वाले और पूरे नेटवर्क को संचालित करने वाले सक्रिय गिरोह के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है.
बिहार-यूपी बॉर्डर पर अब तक की बड़ी कार्रवाई
स्थानीय पुलिस सूत्रों के अनुसार जय प्रभा सेतु क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है. भारी मात्रा में शराब बरामद होने के बाद मद्य निषेध विभाग और पुलिस की टीम पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में लगी हुई है.
तस्करों पर कसेगा शिकंजा
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार चालक से मिले इनपुट के आधार पर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. जांच आगे बढ़ने के साथ इस अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.
Also Read: छपरा जंक्शन पर मोबाइल चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, आरपीएफ ने बरामद किए 28 हजार के दो मोबाइल
