जिला कार्यकारिणी बैठक में शामिल हुए जन सुराज के सूत्रधार, कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा

Saran News : जन सुराज ने उठाया मुख्यमंत्री आवास के विस्तार का मुद्दा

Saran News (विकास कुमार) : जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर मंगलवार को छपरा पहुंचे.उन्होंने संगठन को मज़बूत करने के लिये बिहार नवनिर्माण अभियान के तहत बिहार के तमाम जिलों का दौरा कर रहे हैं.वे हर जिले में जाकर संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे है.इसी क्रम में आज छपरा में स्थित ‘द राज किंग्डम रिजॉर्ट’ में जन सुराज की जिला कार्यकारिणी कार्यशाला सह संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई. जिसमें जिले की सभी सांगठनिक इकाइयों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुये. इस दौरान श्री किशोर ने कहा कि जन सुराज के जिला कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने के लिए यहां आया हूं.

बांकीपुर उपचुनाव को बताया सरकार के 6 महीने का ‘रेफरेंडम’

जन सुराज के संगठन को पुनर्गठित करने की प्रक्रिया को तेजी से किया जा रहा है. वहीं, बांकीपुर उपचुनाव को लेकर पीके ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा सीट पर जो उपचुनाव होगा वह मौजूदा सरकार के छह महीने के कार्यकाल का रेफरेंडम होगा.क्योंकि विधानसभा चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किये गये. नीतीश कुमार के चेहरे को आगे रखा गया. महिलाओं को 10 हजार रूपये दिये गये, दो लाख रुपये देने का लालच दिया गया.साथ ही एक करोड़ रोजगार देने का वादा किया गया.इन सारे वादे के बाद सरकार ने आज तक नहीं बताया कि इन वादों को कैसे पूरा किया जायेगा. सरकार ने यह भी नहीं बताया कि नीतीश कुमार को क्यों हटाया गया. सरकार तो लाल गमझा और हरा गमझा की बात कर रही है और जाति धर्म पूछ कर गोली चलाना इस तरह से समाज को बांटने की बात कर रही है.

उपचुनाव में पूरी ताकत से उतरेगी जन सुराज पार्टी, पीके का दावा

विधानसभा चुनाव के बाद बांकीपुर में उपचुनाव होने जा रहा है. यह चुनाव सरकार के 6 महीने के काम पर उनकी नीतियों पर उनकी कार्यशैली पर और उनके चेहरे पर रेफरेंडम होगा।.इसलिए जन सुराज पार्टी पूरी ताकत से बांकीपुर में चुनाव लड़ेगी.क्योंकि, वहां पर अगर बीजेपी को कोई हरा सकता है तो वह जन सुराज पार्टी ही है.राजद और कांग्रेस के लोग पिछले 40-45 साल से भाजपा को हरा नहीं पाये हैं. यह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की सीट है और बिहार में पहली बार बीजेपी का मुख्यमंत्री बना है, उसके बाद यह चुनाव होने जा रहा है. वहीं, राबड़ी देवी के बंगला न खाली करने के सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि राबड़ी विधान परिषद में प्रतिपक्ष नेत्री हैं, इसी आधार पर उनको वो घर मिला हुआ है.मीडिया के माध्यम से हम लोगों को जो जानकारी मिली है वो ये है कि सरकार चाहती है राबड़ी वह घर छोड़कर दूसरे घर में शिफ्ट हो जाये सही है या गलत है यह सरकार और राबड़ी देवी के बीच की बात है.

एक अणे मार्ग और देश रत्न मार्ग बंगले को लेकर उठाए सवाल

लेकिन बड़ा मामला यह कि पिछले 25-30 साल से बिहार के मुख्यमंत्री का आवास एक अणे मार्ग पर है, जो कि आठ एकड़ में फैला है.सीएम बनने के बाद सम्राट चौधरी ने उसके बगल में स्थित देश रत्न मार्ग के बंगले को भी मुख्यमंत्री आवास में मिला दिया. जो कि वह उपमुख्यमंत्री का बंगला था. मैं बिहार की जनता को बताना चाहता हूं कि महाराष्ट्र देश के सबसे धनी राज्यों में से एक है.वहां के मुख्यमंत्री का बंगला 10 कट्ठे में है.देश का सबसे गरीब राज्य बिहार है लेकिन उस राज्य का मुख्यमंत्री इतने बड़े बंगले में रहने के बाद भी छोटा पड़ रहा है. दूसरे को बंगले में रखने और हटाने से पहले सीएम को खुद जवाब देना चाहिये कि एक अणे मार्ग के बंगले में देश रत्न मार्ग के बंगले को क्यों मिलाया गया है.

Also Read : विजयीपुर में जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर लगाया गया सहयोग शिविर, बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने दर्ज कराईं शिकायतें

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Yuvraj Ratan

पटना जन्मस्थली है मेरी, निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित आधारित पत्रकारिता में विश्वास करता हूं. वर्तमान में मेरा उद्देश्य बिहार के स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और पाठकों तक सत्यापित जानकारी पहुंचाना है. किसी भी समाचार को प्रकाशित करने से पहले उपलब्ध तथ्यों और स्रोतों का सत्यापन करना मेरी प्राथमिकता है. पाठकों को विश्वसनीय, निष्पक्ष और जनहितकारी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हूं.

प्राथमिक शिक्षा संत जेवियर्स हाई स्कूल, पटना से पूरी करने के बाद संत जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नॉलजी से बैचलर्स ऑफ मास कम्यूनिकेशन से स्नातक किया हूं. 2020 से पटना स्थित मीडिया संस्थान न्यूज 4 नेशन में एंकर सह प्रोड्यूसर के पद पर डेढ़ वर्षों तक काम किया. इसके उपरांत जून 2022 से इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमिटी (I-PAC) में सीनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर रहते हुए डिजिटल कम्यूनिकेशन टीम में कार्य करने का मौका मिला. वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर के पद पर हूं इसके माध्यम से नागरिकों के पास तथ्यात्मक और सही सूचनाएँ, खबर और अपडेट देने का कार्य कर रहा हूं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >