Saran News (अमित) : प्रखंड के श्री अंबिका उच्च विद्यालय आमी में आयोजित सहयोग शिविर का मंगलवार को उदघाटन सूबे के उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव,विधायक विनय कुमार सिंह,विधान पार्षद प्रो डॉ वीरेंद्र नारायण यादव,डीएम वैभव श्रीवास्तव व एसएसपी विनीत कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया. अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री श्री यादव ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दूरदर्शी सोच दिखाते हुए राज्य के पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है ताकि जनता की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही त्वरित रूप से संभव हो सके. उन्होंने कहा कि जनता की चुनी गई सरकार का मुख्य कर्तव्य जनता की समस्याओं का निदान है.उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में अभूतपूर्व विकास हुआ है और अब एनडीए सरकार सहयोग शिविर के सहारे सबके मान और सम्मान का ध्यान रख रही है. उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जब संविधान बना तब जनता मालिक बनी मगर आज जनता द्वारा चुने गए कुछ प्रतिनिधि जनता की हितों का ध्यान रखने की बजाय व्यक्तिगत स्वार्थ पर ध्यान दे रहे हैं और भाषायी मर्यादा को लांघ रहे हैं जो उचित नहीं है.
विधायक बोले-‘अब जनता को नहीं लगाने पड़ रहे कार्यालयों के चक्कर’
हर जनप्रतिनिधि को जनता की परेशानियों से रूबरू होने के साथ साथ अपने स्तर से उन समस्याओं का कानून सम्मत निदान निकलवाने में हरसंभव मदद करनी चाहिए. सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह ने कहा कि सहयोग शिविर से अब समस्याओं का जल्दी से निपटारा हो जा रहा है.इस शिविर का परिणाम है कि अब जनता को अफसर के कार्यालयों का चक्कर लगाने की बजाय अपने ही पंचायत में आयोजित होने वाले शिविर में अपनी शिकायत रखने का मौका मिल जाता है. उन्होंने सहयोग शिविर आयोजित करने के सम्राट सरकार के निर्णय की सराहना की और कहा कि पारदर्शी तरीके से काम करके सरकार जनता की उम्मीदों पर खरा उतर रही है. डीएम वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि सहयोग शिविर में प्राप्त होने वाले शिकायतों से संबंधित आवेदनों को तय सीमा के अंदर निष्पादित करना प्रशासन की प्राथमिकता है उन्होंने कहा कि पूर्व में जो शिकायतें प्राप्त हुई थी उनमें से 75 मामलों का निष्पादन कर दिया गया है और एक मामला प्रक्रियाधीन है.
पंचायत स्तर पर लगे सहयोग शिविर में उमड़ी लोगों की भीड़
डीएम ने कहा कि इस शिविर में सभी विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं जहां पंचायत की जनता अपनी शिकायतों को रखेंगे और फिर हर शिकायतों का प्राथमिकता से निष्पादन कर प्रमाण पत्र दिया जाएगा. इस अवसर पर सोनपुर एसडीओ स्निग्धा नेहा,बीडीओ अमर नाथ,सीओ मिट्ठू प्रसाद,थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार समेत पूर्व प्रखंड प्रमुख जनार्दन सिंह चौहान,मो. सादिक हुसैन,नीतेश कुमार सिंह,विपिन कुमार सिंह,आमी मुखिया रंजू देवी, राकेश कुमार सिंह,रितेश तिवारीआदि कई लोग मौजूद थे.कार्यक्रम का संचालन कुमार पंकज ने किया.उधर प्रखंड के मानूपुर पंचायत में भी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया.पंचायत भवन परिसर में आयोजित इस शिविर में पंचायत की जनता ने अपना आवेदन दिया.जिसका समय सीमा के अंदर निष्पादन होगा.इस अवसर पर अनुमंडल लोक शिकायत पदाधिकारी नूरी परवीन,बीडीओ अमर नाथ,सीओ मिट्ठू प्रसाद,मुखिया मोनिका सिंह आदि मौजूद थे.
Also Read : महनार के विद्यार्थियों ने जेईई एडवांस में लहराया परचम
