सारण में रास्ते को लेकर दो पक्षों में मारपीट, आधे घंटे तक हुई पत्थरबाजी, चाय दुकान तोड़ी, भारी बवाल

Saran News: सारण जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव में बुधवार की सुबह रास्ते के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर बवाल हो गया. देखते ही देखते दोनों ओर से आधे घंटे तक पत्थरबाजी होने लगी.

Saran News: (दिघवारा से अमित की रिपोर्ट)
सारण जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव में बुधवार की सुबह रास्ते के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर बवाल हो गया. देखते ही देखते दोनों ओर से आधे घंटे तक पत्थरबाजी होने लगी, जिससे पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया. घटना में आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जबकि आक्रोशित भीड़ ने एक चाय दुकान को तोड़ दिया और एक बुलेट बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं.

पिलर गाड़ने को लेकर भड़का विवाद

मिली जानकारी के अनुसार अनंतमिर्जापुर गांव जाने वाले रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. बुधवार की सुबह एक पक्ष द्वारा विवादित भूमि पर पिलर गाड़ा जा रहा था. इसकी जानकारी मिलते ही दूसरे पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया. देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया.

दोनों पक्षों के बीच आधे घंटे तक चली पत्थरबाजी

विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के सैकड़ों लोग आमने-सामने आ गए और जमकर पत्थरबाजी शुरू हो गई. करीब आधे घंटे तक चले इस टकराव में आधा दर्जन लोग घायल हो गए. पत्थरबाजी के कारण इलाके में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.

एनएच-19 पर मची अफरातफरी

घटना का असर छपरा-हाजीपुर एनएच-19 पर भी देखने को मिला. सैदपुर के समीप पत्थरबाजी के दौरान अफरातफरी का माहौल बन गया, जिससे कुछ समय के लिए वाहनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ. राहगीरों और वाहन चालकों में भय का माहौल देखा गया. हंगामे के दौरान आक्रोशित भीड़ ने लक्ष्मी चाय दुकान को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया. इसके अलावा एक बुलेट बाइक को भी नुकसान पहुंचाया गया. घटना में एक व्यक्ति की निजी संपत्ति को भी क्षति पहुंचने की बात सामने आई है.

फायरिंग के आरोप से बढ़ा तनाव

घटना के दौरान आक्रोशित लोगों ने फायरिंग होने का आरोप लगाया है. हालांकि प्रशासन ने अभी तक फायरिंग की पुष्टि नहीं की है. इस आरोप के बाद इलाके में तनाव और बढ़ गया तथा लोग दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे. सूचना मिलते ही सीओ मिट्ठू प्रसाद और थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया.

घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज

इसके अलावा कई थानों की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई. पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है. पत्थरबाजी में घायल हुए लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दिघवारा में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. सुबह 10 बजे तक क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी, जबकि प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है.

Also Read: सारण में मां अंबिका भवानी मंदिर के रास्ते पर बह रहा नाले का गंदा पानी, श्रद्धालुओं को हो रही भारी परेशानी, समाधान की उठी मांग

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sakshi kumari

साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >