Saran News: आरपीएफ व सीपीडीएस टीम की संयुक्त कार्रवाई में शनिवार की सुबह छपरा जंक्शन से एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया गया. उसके पास से चोरी के दो मोबाइल फोन और 4 हजार रुपये नकद बरामद किए गए. गिरफ्तार चोर की पहचान उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के नोनहरा थाना क्षेत्र के तिलाड़ी गांव निवासी दिनेश विश्वकर्मा के पुत्र ऋषिकेश विश्वकर्मा के रूप में की गई है. आरपीएफ के अनुसार, बरामद दोनों स्मार्टफोन की अनुमानित कीमत करीब 34 हजार रुपये आंकी गई है.
प्लेटफॉर्म पर दी थी दबिश
आरपीएफ प्रभारी विनोद कुमार यादव ने बताया की रविवार की सुबह स्टेशन पर नियमित गश्त एवं आपराधिक गतिविधियों की निगरानी की जा रही थी. इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या दो के पूर्वी छोर पर एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर तेजी से भागता हुआ दिखाई दिया. उसकी संदिग्ध गतिविधियों को भांपते हुए सुरक्षा बलों के जवानों ने तुरंत पीछा कर उसे प्लेटफार्म के छोर पर ही पकड़ लिया. पुलिस टीम द्वारा जब उसकी सघन तलाशी ली गई, तो उसके पास से टेक्नो एवं रेडमी कंपनी के दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा एक पर्स बरामद हुआ, जिसमें 4 हजार रुपये नकद थे.
ट्रेनों में सोए यात्री निशाना
कड़ी पूछताछ में आरोपी ऋषिकेश विश्वकर्मा ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसने प्लेटफॉर्म पर खड़ी एक एक्सप्रेस ट्रेन की बोगी में सोए हुए यात्रियों के मोबाइल और पर्स चोरी किए थे और वहां से भागने की फिराक में था. आरपीएफ प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच और उसके आपराधिक इतिहास से पता चला है कि यह चोर मुख्य रूप से छपरा स्टेशन तथा गौतम स्थान-रिवीलगंज रेलखंड में चलने वाली ट्रेनों और स्टेशनों पर रात या अहले सुबह सोए हुए रेल यात्रियों को अपना आसान निशाना बनाकर मोबाइल एवं अन्य कीमती सामान उड़ा लेता था.
भारतीय न्याय संहिता में केस
सफल गिरफ्तारी के बाद आरपीएफ ने आरोपी और बरामद सामान को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) छपरा को सुपुर्द कर दिया. जीआरपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के विरुद्ध कांड संख्या 141/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(5) के तहत मामला पंजीकृत किया है. इस पूरे मामले की कमान और आगे की जांच एएसआई (ASI) शैलेश कुमार कर रहे हैं.
इस टीम को मिली सफलता
स्टेशन पर सक्रिय अपराधियों के खिलाफ चलाए गए इस सफल अभियान और गिरफ्तारी करने वाली टीम में सीपीडीएस (CPDS) टीम के उप निरीक्षक विशाल, हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार शाह, कांस्टेबल मुकेश कुमार सिंह, कांस्टेबल संजय कुमार यादव एवं कांस्टेबल राजनाथ यादव मुख्य रूप से शामिल थे. आरपीएफ ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए स्टेशनों पर सादे लिबास में भी जवानों की तैनाती बढ़ाई गई है.
Also Read: सारण में सोते रह गए तीन भाई, चोरों ने नशीला स्प्रे छिड़ककर लाखों की संपत्ति पर साफ किया हाथ
