Saran News : मांझी थाना क्षेत्र के डमरीकबीरपार सड़क पर स्थित कबीरपार मिठाई के पास एक साइबर कैफे में दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात सामने आई है. बाइक सवार दो अपराधियों ने संचालिका को धक्का देकर 93 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए.
जानकारी के अनुसार, ‘रशु टेलीकॉम’ नामक साइबर कैफे में उस समय संचालिका रिंक देवी अकेली मौजूद थीं. दुकान मालिक रंजन भारती किसी निजी कार्य से गोपालगंज गए हुए थे, जिसके चलते दुकान की जिम्मेदारी संचालिका के पास थी.
30 नकद व 63 हजार गल्ले से निकाल फरार हो गये
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, काले रंग की बाइक पर सवार दो युवक दुकान पर पहुंचे और पहले कुछ खरीदारी की बात कही. इसके बाद उन्होंने 30 हजार रुपये का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करने का झांसा देकर रिंक देवी से 30 हजार रुपये नकद ले लिए. इसी दौरान एक आरोपी ने मौका पाकर गल्ले में रखे 63 हजार रुपये भी निकाल लिए.
संचालिका के विरोध पर धक्का मार गिरा दिया
जब संचालिका को शक हुआ और उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और कुल 93 हजार रुपये लेकर बाइक से फरार हो गए.
शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन दोनों आरोपी भागने में सफल रहे. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
Also Read: Saran News: हीट वेव की चपेट में सारण, 50 डिग्री जैसा एहसास; बाजारों में सन्नाटा, यात्राएं रद्द
