Saran News: (मनोकामना सिंह) मढ़ौरा प्रखंड के ऐतिहासिक और पौराणिक शिल्हौरी स्थित शिलानाथ मंदिर परिसर में शुक्रवार से नौ दिवसीय श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ. पहले दिन निकली विशाल कलश यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए. जयकारों, बैंड-बाजे और आकर्षक झांकियों से पूरा इलाका भक्तिमय माहौल में डूब गया.
भव्य कलश यात्रा ने खींचा लोगों का ध्यान
महायज्ञ के पहले दिन शिल्हौरी मंदिर से भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई. यात्रा मढ़ौरा गढ़देवी मंदिर पहुंची और वहां से पुनः यज्ञ मंडप में लौटकर कलश स्थापना की गई. इस दौरान पूरा क्षेत्र जय श्रीराम और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा.
पीत वस्त्र में नजर आये सैकड़ों श्रद्धालु
सुबह आयोजित कलश यात्रा में महिला और पुरुष श्रद्धालु पीत वस्त्र धारण कर शामिल हुए. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला. लोगों ने भक्ति भाव से यात्रा में भाग लेकर पूजा-अर्चना की.
घोड़े, बैंड-बाजा और झांकियां बनी आकर्षण का केंद्र
कलश यात्रा को भव्य बनाने के लिए पारंपरिक बैंड-बाजा, सजीव झांकियां और घोड़ों की प्रस्तुति भी शामिल की गई थी. यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आये, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया.
विधायक जितेंद्र कुमार राय ने की अगुवाई
यज्ञ आयोजन समिति के अध्यक्ष सह स्थानीय विधायक एवं पूर्व मंत्री जितेंद्र कुमार राय ने खुद कलश यात्रा की अगुवाई की. उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों को आत्मिक शांति व पुण्य की प्राप्ति होती है.
31 मई तक चलेगा महायज्ञ
यज्ञ समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ आगामी 31 मई तक अनवरत चलेगा. इस दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. महायज्ञ में शिवांजलि किशोरी द्वारा प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया जाएगा. इसके अलावा भव्य आरती, विशेष पूजन, संतों के प्रवचन और रात्रि में रामलीला का मंचन भी होगा.
उत्सव जैसा दिखा पूरा मढ़ौरा
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य मीना अरुण, मंदिर कमिटी के सचिव जितेंद्र कुमार, यज्ञ संचालक आलोक उपाध्याय, मदन यादव, धनंजय राय और विष्णु गुप्ता समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और समिति सदस्य मौजूद रहे. कलश यात्रा के दौरान पूरे मढ़ौरा में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला.
Also Read: सारण में आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर काटा बवाल, मारपीट में घायल युवक की मौत के बाद हंगामा
