सारण में LPG की कालाबाजारी पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, छापेमारी में कई दुकानदार पकड़े गए, 3 पर FIR

LPG Cylinder Crisis: सारण में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और घरेलू सिलिंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. शनिवार को जिले के कई इलाकों में छापेमारी कर दर्जनों प्रतिष्ठानों की जांच की गई. इस दौरान कुछ जगहों पर घरेलू गैस का अवैध उपयोग करने पर संचालकों पर FIR दर्ज की गई है.

LPG Cylinder Crisis: सारण जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और घरेलू सिलिंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है. शनिवार को जिले के सभी अनुमंडलों में औचक छापेमारी और सघन जांच की गई. कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच हुई और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई भी की गई.

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि घरेलू गैस सिलिंडर का व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होगी.

सोनपुर में दो प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई

सोनपुर अनुमंडल क्षेत्र में छापेमारी के दौरान प्रशासनिक टीम ने 11 प्रतिष्ठानों की जांच की. जांच के दौरान दो जगहों पर घरेलू गैस सिलिंडर का व्यावसायिक उपयोग पाया गया. इस मामले में ग्रीन बावर्ची रेस्टोरेंट और राधेश्याम स्वीट्स के संचालकों के खिलाफ सोनपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. अधिकारियों ने कहा कि घरेलू गैस सिलिंडर का इस्तेमाल केवल घरेलू जरूरतों के लिए ही किया जा सकता है.

सदर क्षेत्र में भी मिला नियमों का उल्लंघन

सदर अनुमंडल क्षेत्र में भी प्रशासन की टीम ने सघन जांच अभियान चलाया. एसडीएम सदर नितेश कुमार और एसडीपीओ रामपुकार सिंह के नेतृत्व में 21 प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया. इस दौरान आराध्या केक सेंटर नामक प्रतिष्ठान में घरेलू गैस सिलिंडर का उपयोग करते हुए पाया गया. प्रशासन ने इस मामले में भी प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.

मढ़ौरा में भी चली जांच

मढ़ौरा अनुमंडल क्षेत्र में प्रशासनिक टीम ने चार स्थानों पर छापेमारी कर जांच की. हालांकि यहां बड़े स्तर पर अनियमितता सामने नहीं आई, लेकिन संचालकों को नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई. अधिकारियों ने कहा कि घरेलू गैस सिलिंडर का व्यावसायिक उपयोग कानूनन अपराध है. अगर कोई ऐसा करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

आगे भी जारी रहेगा अभियान

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि एलपीजी की कालाबाजारी और नियमों के उल्लंघन की शिकायतों को प्रशासन गंभीरता से ले रहा है. ऐसे मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने बताया कि जिले में इस तरह के अवैध उपयोग पर नजर रखी जा रही है और आगे भी जांच अभियान लगातार जारी रहेगा.

लोगों से सूचना देने की अपील

प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि अगर कहीं घरेलू गैस सिलिंडर का अवैध या व्यावसायिक इस्तेमाल हो रहा हो तो इसकी सूचना डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल रूम को दें. इसके लिए 06152-245023 नंबर जारी किया गया है. यह नंबर रोज सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक एक्टिव रहेगा.

Also Read: पटना में गैस की किल्लत पर सड़क जाम, सिलेंडर लेकर सड़क पर उतरे लोग, बिहार के कई जिलों में हाहाकार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >