Saran News : सारण एवं आसपास के क्षेत्रों की उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सारण क्रिकेट लीग का आयोजन किया जायेगा. लीग की शुरुआत 21 नवंबर से पटना के एनर्जी स्टेडियम में होगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर लीग के आयोजन की तिथियों की औपचारिक घोषणा की गयी. प्रतियोगिता में सारण क्षेत्र की कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी.
10 टीमें दिखायेंगी क्रिकेट का दम
सारण क्रिकेट लीग में मढ़ौरा ईगल्स, छपरा वॉरियर्स, तरैया पैंथर्स, मांझी स्ट्राइकर्स, गरखा राइडर्स, बनियापुर बुल्स, परसा लायंस, अमनौर टाइगर्स, सोनपुर किंग्स और एकमा चैलेंजर्स की टीमें शामिल होंगी. इन टीमों के बीच होने वाले मुकाबलों में स्थानीय और आसपास के क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलेगा.
स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
लीग का मुख्य उद्देश्य सारण और आसपास के क्षेत्रों में मौजूद क्रिकेट प्रतिभाओं की पहचान करना और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है. ग्रामीण इलाकों और छोटे शहरों में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है, लेकिन उचित मंच और संसाधनों के अभाव में कई खिलाड़ी आगे नहीं बढ़ पाते हैं. सारण क्रिकेट लीग के माध्यम से ऐसे खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का अनुभव देने की तैयारी है.
युवाओं को खेल से जोड़ने पर जोर
सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी का क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाना और युवाओं को खेलों से जोड़ना लंबे समय से प्रमुख उद्देश्य रहा है. इसी सोच के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और आयोजनों के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता रहा है. सारण क्रिकेट लीग भी इसी पहल को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण आयोजन माना जा रहा है.
फिटनेस और अनुशासन को भी मिलेगा बढ़ावा
आयोजकों के अनुसार, लीग के जरिये खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में खेलने का अनुभव मिलेगा. इससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ेगा और आगे की खेल यात्रा के लिए बेहतर अवसर मिल सकेंगे. प्रतियोगिता युवाओं को फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के प्रति भी प्रोत्साहित करेगी.
सारण में मजबूत होगा क्रिकेट का माहौल
सारण क्रिकेट लीग के आयोजन से क्षेत्र में क्रिकेट को लेकर गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है. प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने के साथ अनुभवी खिलाड़ियों और बेहतर प्रतिस्पर्धा से सीखने का अवसर मिलेगा. आयोजकों का लक्ष्य सारण क्षेत्र में खेल का माहौल मजबूत करना और अधिक से अधिक युवाओं को क्रिकेट से जोड़ना है.
