कचहरी स्टेशन रोड से ओवरब्रिज तक रोज जाम, सारण में राहगीरों की बढ़ी परेशानी

शहर की यातायात व्यवस्था एक बार फिर चरमरा गई, कचहरी स्टेशन रोड पर दिनभर भीषण जाम लगा रहा. अवैध पार्किंग और सोमवारी की भीड़ ने स्थिति को और बदतर कर दिया, जिससे राहगीरों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा.

Saran News: शहर की यातायात व्यवस्था एक बार फिर बेपटरी नजर आयी. सोमवार को कचहरी स्टेशन रोड से लेकर रेलवे ओवरब्रिज तक दिनभर भीषण जाम की स्थिति बनी रही. सड़क पर चारपहिया वाहनों, मोटरसाइकिलों और ई-रिक्शा की लंबी कतारें लग गयीं. इसके कारण राहगीरों, दफ्तर जाने वाले लोगों और स्कूली बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

महज कुछ मिनट में पूरा होने वाले सफर को तय करने में लोगों को आधे घंटे से अधिक समय लग गया. सड़क पर वाहन रेंगते नजर आये. जाम की समस्या से परेशान लोग व्यवस्था को लेकर नाराज दिखे.

कचहरी स्टेशन के सामने अवैध पार्किंग बनी जाम की वजह

स्थानीय लोगों और दुकानदारों के अनुसार कचहरी स्टेशन के ठीक सामने सड़क पर बना अवैध पार्किंग स्टैंड जाम की मुख्य वजह है. सड़क किनारे वाहनों के बेतरतीब तरीके से खड़े रहने के कारण आवागमन के लिए जगह कम बचती है. ऐसे में वाहनों का दबाव बढ़ते ही जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है.

लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर जाम अब रोज की समस्या बन गयी है. इसके बावजूद अवैध पार्किंग को हटाने को लेकर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समस्या जस की तस बनी हुई है.

सोमवारी पर बढ़ी भीड़ से और बिगड़ी स्थिति

सोमवार को सप्ताह का पहला दिन होने के साथ सावन की सोमवारी भी थी. इस कारण शहर में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक चहल-पहल रही. कोर्ट, सरकारी कार्यालय और रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले लोगों की संख्या भी अधिक रही.

वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण कचहरी स्टेशन रोड से रेलवे ओवरब्रिज तक यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी. कई जगह वाहनों की लंबी कतार लग गयी और लोग काफी देर तक जाम में फंसे रहे.

ट्रैफिक सुचारू कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल नहीं

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि दिनभर वाहन जाम में फंसे रहे, लेकिन यातायात को सुचारू कराने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात नहीं दिखा. लोगों के अनुसार व्यस्त समय में ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती और निगरानी से जाम की समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है.

स्थायी पुलिस पिकेट बनाने की मांग

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस से कचहरी स्टेशन के सामने से अवैध पार्किंग तत्काल हटाने की मांग की है. साथ ही बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गयी है.

लोगों ने रेलवे ओवरब्रिज के पास स्थायी पुलिस पिकेट बनाने और नियमित गश्त बढ़ाने की भी मांग की है. नागरिकों का कहना है कि जब तक अवैध पार्किंग और बेतरतीब वाहन परिचालन पर रोक नहीं लगेगी, तब तक इस मार्ग पर लगने वाले जाम से स्थायी राहत मिलना मुश्किल है.

इसे भी पढ़ें:  बिहार के 1 करोड़ से ज्यादा पेंशनधारियों के लिए गुड न्यूज, सम्राट सरकार ने अकाउंट में भेजे 1100 रुपये, ऐसे चेक करें अपना पैसा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंद्रशेखर कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >