बिहार विधान परिषद सदस्य मनोनीत होने पर डॉ. संजय प्रकाश मयूख का भव्य अभिनंदन, मेधावी विद्यार्थियों का भी हुआ सम्मान

सारण्य महोत्सव ने बिहार विधान परिषद सदस्य डॉ. संजय प्रकाश मयूख के तीसरी बार मनोनीत होने पर अभिनंदन समारोह आयोजित किया. इस अवसर पर खेल के महत्व पर जोर दिया गया और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया.

Saran News: सारण्य महोत्सव की ओर से सकलधारी प्रसाद आईटीआई परिसर में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता, राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी एवं सारण्य महोत्सव के संरक्षक डॉ. संजय प्रकाश मयूख के लगातार तीसरी बार बिहार विधान परिषद का सदस्य मनोनीत होने पर भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया.

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ. उपस्थित वक्ताओं ने डॉ. मयूख के सार्वजनिक जीवन, संगठनात्मक क्षमता और समाज के प्रति उनके योगदान की सराहना करते हुए इसे जनविश्वास का सम्मान बताया.

खेल से विकसित होती है नेतृत्व क्षमता : डॉ. मयूख

मुख्य अतिथि डॉ. संजय प्रकाश मयूख ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सशक्त आधार है.

उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ नियमित रूप से खेलकूद में भाग लेने की अपील की. साथ ही अभिभावकों से बच्चों की खेल प्रतिभा को पहचानने, उनका उत्साहवर्धन करने और आगे बढ़ाने में सहयोग करने का आग्रह किया.

उन्होंने कहा कि आज खेल के क्षेत्र में बेहतर भविष्य और रोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध हैं. सही मार्गदर्शन, मेहनत और निरंतर अभ्यास से बच्चे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर परिवार, समाज और देश का नाम रोशन कर सकते हैं.

समाज और युवाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहने का संकल्प

डॉ. मयूख ने सारण्य महोत्सव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए नई ऊर्जा और जिम्मेदारी लेकर आया है. उन्होंने समाज, शिक्षा और युवाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य करने तथा सारण सहित पूरे बिहार के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.

निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं और मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

सारण्य महोत्सव के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश राज ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं में लेखन, चिंतन और सामाजिक विषयों के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं.

कार्यक्रम के दौरान सारण्य महोत्सव द्वारा आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया. वहीं सीपीएस स्कूल के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल पहनाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं.

कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम का संचालन सारण्य महोत्सव के महासचिव श्याम बिहारी अग्रवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन भाजपा नेता धर्मेंद्र कुमार साह ने किया.

इस अवसर पर डॉ. हरेंद्र सिंह, राम दयाल शर्मा, इंजीनियर ललित कुमार सिंह, धर्मेंद्र कुमार साह, वरीय पत्रकार राकेश कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

Also Read:बिहार में अब रात के 2 बजे भी नहीं रुकेगी बच्चों की पढ़ाई? नए डिजिटल लर्निंग ऐप से मिलेगा ये फायदा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >