सारण में 17 लोक शिकायतों की सुनवाई, 10 मामलों का निष्पादन; जनता दरबार में 64 फरियादी

सारण में डीएम वैभव श्रीवास्तव ने लोक शिकायत के 17 मामलों की सुनवाई की, 10 का निष्पादन हुआ। जनता दरबार में 64 फरियादियों की समस्याएं सुनी गयीं.

Saran News: जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने शुक्रवार को कार्यालय कक्ष में बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम, 2015 के तहत द्वितीय अपील से संबंधित मामलों की सुनवाई की. इस दौरान लोक शिकायत के कुल 17 मामलों की सुनवाई की गयी, जिनमें 10 मामलों में अंतिम रूप से आदेश पारित किया गया. वहीं, शेष सात मामलों में पूर्ण प्रतिवेदन के साथ अगली तिथि पर संबंधित लोक प्राधिकार को उपस्थित होने का निर्देश दिया गया.

सहयोग शिविर के लंबित मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में सहयोग शिविर के तहत प्राप्त आवेदनों के निष्पादन तथा आगामी राज्य स्तरीय सहयोग शिविर के लिए चयनित मामलों की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में डीएम ने बताया कि 11 अगस्त को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय सहयोग शिविर के लिए सारण जिले से 16 मामलों का चयन किया गया है.

समीक्षा के दौरान सामने आया कि अब तक केवल चार मामलों का समाधान कर उन्हें पोर्टल पर अपलोड किया गया है. इस पर जिलाधिकारी ने शेष मामलों की विभागवार समीक्षा की और ऊर्जा, राजस्व, उद्योग एवं जल संसाधन विभाग से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया.

उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का जल्द समाधान सुनिश्चित कर इसकी जानकारी पोर्टल पर अपलोड करें. साथ ही संबंधित परिवादियों से समाधान के संबंध में लिखित सहमति भी प्राप्त करें. डीएम ने आवश्यकता के अनुसार संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा.

मुख्यमंत्री के समक्ष दायर 159 अपीलों की समीक्षा

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री के समक्ष दायर द्वितीय अपील से संबंधित 159 मामलों की भी समीक्षा की. समीक्षा में पाया गया कि इनमें से 23 मामलों में अभी अनुपालन लंबित है. इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का अविलंब निष्पादन सुनिश्चित करने तथा अनुपालन प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.

जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी अधिकारी पूरी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ लंबित मामलों का समाधान करें, ताकि लोगों को समय पर न्याय और बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध करायी जा सकें.

जनता दरबार में 64 फरियादियों की सुनी गयी समस्या

शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 64 फरियादियों की समस्याएं जिलाधिकारी ने सुनीं. इस दौरान अधिकांश मामले राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से संबंधित रहे. डीएम ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया.

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. प्रशासन का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें सरकारी सेवाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराना है.

Also Read: पीके के सामने थाने में क्यों भिड़ गए जन सुराज के दो सीनियर नेता? पूर्व डीजी आरके मिश्रा ने किशोर मुन्ना को लगाई फटकार, VIDEO वायरल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय भारद्वाज

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >