Pankaj Rai Murder Case: सारण पुलिस ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के चर्चित पंकज राय हत्याकांड का सफल उद्भेदन करते हुए मुख्य शूटर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं.
शादी समारोह से लौटते समय हुई थी हत्या
सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने मुफ्फसिल थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 29 जून 2026 को दर्ज प्राथमिकी के अनुसार 28 जून की रात शादी समारोह से लौट रहे पंकज राय और मनीष राय पर मेथवलिया गांव के पास बाइक सवार अपराधियों ने जान से मारने की नीयत से गोलीबारी की थी. इस हमले में पंकज राय की मौत हो गई थी.
एसआईटी के गठन के बाद मिली सफलता
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया. तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया.
मुख्य शूटर समेत चार आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं—
- नंदन उर्फ करीमन – मुख्य शूटर
- निखिल कुमार – रेकी करने का आरोपी
- कुंदन कुमार – वाहन चालक
- अंकित कुमार
चारों आरोपी मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के निवासी हैं.
हथियार और मोबाइल फोन बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं. मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है. इस कार्रवाई में मुफ्फसिल थाना पुलिस और डीआईयू सारण की टीम शामिल रही.
दोहरे हत्याकांड का चश्मदीद था पंकज राय
पुलिस के अनुसार, पंकज राय करीब दो वर्ष पहले हुए शहर के चर्चित अधिवक्ता पिता-पुत्र दोहरे हत्याकांड का चश्मदीद गवाह था. उस मामले का स्पीडी ट्रायल चल रहा था और एक जुलाई को गवाही पूरी होने के बाद अदालत द्वारा फैसला सुनाए जाने की संभावना थी. इससे दो दिन पहले ही पंकज राय की हत्या कर दी गई थी.
पूछताछ जारी
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. साथ ही मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है.
इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर
