सारण के मांझी में पोखरे में डूबा 18 वर्षीय युवक, घंटों बाद भी नहीं शुरू हुई सरकारी खोजबीन; ग्रामीणों में आक्रोश

Pokhar Mein Dooba Yuvak: मांझी प्रखंड के नचाप गांव में दोस्तों के साथ नहाने गया 18 वर्षीय रितीश कुमार सिंह गहरे पानी में डूब गया. खबर लिखे जाने तक युवक की तलाश जारी थी. ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी है.

Pokhar Mein Dooba Yuvak: मांझी प्रखंड के नचाप गांव में सोमवार को राम-जानकी मंदिर के समीप स्थित छठ घाट के पास पोखरे में नहाने के दौरान एक 18 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया. खबर लिखे जाने तक युवक की तलाश जारी थी. युवक की पहचान नचाप गांव निवासी शैलेश सिंह के पुत्र रितीश कुमार सिंह उर्फ धनु (18) के रूप में हुई है.

दोस्तों के साथ नहाने गया था युवक

जानकारी के अनुसार, रितीश सोमवार दोपहर दोस्तों के साथ राम-जानकी मंदिर के समीप बने छठ घाट के पास पोखरे में नहाने गया था. नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी अधिक होने के कारण वह देखते ही देखते डूब गया.

इसके बाद दोस्तों ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से युवक की तलाश शुरू कर दी.

परिवार में मचा कोहराम

घटना की जानकारी मिलते ही रितीश के परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

घंटों बाद भी नहीं पहुंची गोताखोर टीम

सूचना मिलने पर मांझी थानाध्यक्ष बिनोद कुमार के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. हालांकि, ग्रामीणों के अनुसार, घटना के कई घंटे बाद तक मांझी के सीओ और सरकारी गोताखोर की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी. इससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी गयी.

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर गोताखोर की टीम पहुंचती, तो युवक की तलाश जल्द शुरू हो सकती थी. ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल एसडीआरएफ की टीम बुलाकर युवक की तलाश कराने की मांग की है.

इसे भी पढ़ें: उपेंद्र कुशवाहा का आया बयान, तेजस्वी भी समर्थन में; पटना के आंदोलनकारी छात्र सड़क पर उतरने को तैयार


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंद्रशेखर कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >